राजनांदगांव

सीएम की विकासपरख सोच से गुजरा तीन साल बना बेमिसाल-कांग्रेस
17-Dec-2021 2:23 PM
सीएम की विकासपरख सोच से गुजरा तीन साल बना बेमिसाल-कांग्रेस

   कांग्रेस नेताओं ने कहा भाजपा के 15 साल पर कांग्रेस के तीन साल भारी    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 दिसंबर।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस नेताओं की खुशी का ठिकाना नहीं है। सरकार के उपलब्धियों को लेकर कांग्रेस नेता आम लोगों के बीच भाजपा सरकार के 15 साल की तुलना कर रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि सर्वहारा वर्ग को केन्द्रित कर सरकार की बनी योजनाओं से चौतरफा विकास हुआ है।

‘छत्तीसगढ़’  से प्रतिक्रिया व्यक्त करते कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि हर दृष्टिकोण से मुख्यमंत्री भूपेश सरकार का कार्यकाल बेमिसाल है। किसानों की कर्जमाफी, महिला समूह का ऋण माफ करना और बिजली बिल हाफ करने जैसे निर्णय क्रांतिकारी फैसले हैं। श्री खान ने कहा कि युवाओं की नौकरीपेशे के लिए सरकार ने सभी विभागों में सालों से रूकी भर्तियां शुरू की। फसल का वाजिब दाम किसानों को दिलाया। 2500 रुपए समर्थन मूल्य पर धान खरीदने का एक दमदार निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि खेतों के रकबे बढऩे से किसानों के पंजीयन की संख्या भी बढ़ी है। महिला समूह के 1276 करोड़ रुपए माफ कर दिए गए। शहरी बाशिंदों के लिए हस्तांतरित पट्टा एक बड़ा सौगात है। पट्टेधारियों को मालिकाना हक दिया गया। जिससे साफ है कि छत्तीसगढ़ विकास का रास्ता तय करते हुए ऊंचाईयों की ओर जा रहा है।

डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हर वर्ग को संवारने का काम किया है। उनकी योजनाओं ने निचले तबके को आर्थिक संबलता प्रदान की है। इसके लिए मुख्यमंत्री बधाई के पात्र हैं।  राज्य युवा आयोग अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने कहा कि कांग्रेस ने जो वायदे किए थे, वो लगभग पूर्णत: की ओर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अनेकों योजनाओं से जनता को सक्षम बनाने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर राज्य की जनता का भरोसा बढ़ा है, इसलिए भूपेश है तो भरोसा है जैसे नारे विश्वास का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की बेहतर कार्यप्रणाली से वह सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए, जो यह प्रमाणित करते हैं कि उनका तीन साल का कार्यकाल बेमिसाल है।

मुख्यमंत्री ने छग को अराजकता की ओर ढकेला-भाजपा
प्रदेश सरकार के तीन साल के कार्यकाल पर भाजपा ने सरकार की नाकामियों की फेहरिस्त गिनाते हुए कहा कि बीते तीन साल में छत्तीसगढ़ अराजकता की ओर चला गया है। इसके लिए प्रदेश सरकार की गलत नीतियां जिम्मेदार है। भाजपा के जिला महामंत्री दिनेश गांधी ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए वायदे अधूरे हैं। प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने में कमजोर हुई है। आज प्रदेश अराजकता का सामना कर रहा है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि तीन साल में भूपेश सरकार जनता की कसौटी पर पूरी तरह से नाकाम रही है। भाजपा के 15 साल के कार्यकाल में तेज रफ्तार से चल रही विकास की गति थम गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता, माफियाओं का बोलबाला है। किसान पूरी तरह से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने चुनाव के दौरान एक किस्त में ही उपज की राशि देने का दावा किया था। किसानों को 4 किस्त में रकम देने पर श्री शर्मा ने आपत्ति करते कहा कि शराब-कोचिये गली-गली सक्रिय हैं। शराबबंदी को लेकर किए गए वायदे से भी सरकार ने किनारा कर लिया है। आज शराब कोचियों का शहर और गांवों में आतंक है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news