राजनांदगांव

निर्दलियों के तुरूप के पत्ते होने के अनुमान पर कांग्रेस ने शुरू की जोड़तोड़, भाजपा स्वस्फूर्त जीत के भरोसे
22-Dec-2021 1:03 PM
निर्दलियों के तुरूप के पत्ते होने के अनुमान पर कांग्रेस ने शुरू की जोड़तोड़, भाजपा स्वस्फूर्त जीत के भरोसे

खैरागढ़ नगर पालिका के एक निर्दलीय को कांग्रेस ने रखा साथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 दिसंबर।
खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव नतीजों के आने से पहले कांग्रेस ने जोड़तोड़ शुरू कर दी है। खबर है कि कांग्रेस ने एक निर्दलीय महिला प्रत्याशी को अपनी निगरानी में रखा है। 20 दिसंबर को मतदान खत्म होने के फौरन बाद स्वतंत्र उम्मीदवार महिला को कांग्रेस ने अपने पाले में रखने के इरादे से घेर लिया है। पिछले तीन दिनों से महिला प्रत्याशी कांग्रेस के आला नेताओं के निगरानी में है। इधर भाजपा निकाय चुनाव में एकतरफा जीत मिलने का दावा कर रही है। भाजपा ने मतदान के बाद के रूझान में 15 से अधिक सीट पर पार्टी प्रत्याशियों के विजयी होने की उम्मीद रखी है, इसलिए भाजपा जोड़तोड़ की राजनीति से खुद को अलग रखने का दावा भी कर रही है।

खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में भाजपा ने जमीनी स्तर पर कांग्रेस को शिकस्त देने के लिए प्रचार के दौरान पूरा जोर लगाया है। कांग्रेस को सत्तारूढ़ दल होने का स्वभाविक तौर पर फायदा हुआ है। साधन-संसाधन के मामले में भाजपा पर कांग्रेस भारी रही है। कांग्रेस ने मतदाताओं को अपने पाले में रखने के लिए हर संभव कोशिश की है।

भाजपा ने कांग्रेस के कार्यकाल की तुलना अपने कार्यकाल से करते हुए लोगों से विकास के मुद्दों पर वोट मांगे। इधर 20 वार्ड वाले निकाय में बहुमत के लिए 11 सदस्य की आवश्यकता होगी। कांग्रेस पूरे चुनाव में बिखरी हुई भी रही। कांग्रेस पर बाहरी नेताओं को जिम्मेदारी दिए जाने से स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं में दबे स्वर नाराजगी भी रही। सत्ता में होने के चलते कार्यकर्ताओं ने मन पसीजकर चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया, लेकिन वह बाहरी नेताओं की मौजूदगी से असहज महसूस भी करते रहे। इस संबंध में जिलाध्यक्ष पदम कोठारी ने ‘छत्तीसगढ़’  से कहा कि स्पष्ट बहुमत के साथ कांग्रेस की शहरी सरकार बनेगी। बहुमत को लेकर किन्तु-परन्तु जैसी कोई बात नहीं है। भाजपा की हार तय है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’  से कहा कि 15 से अधिक प्रत्याशी भाजपा के होंगे। यानी एक तरह से निकाय में  भाजपा का एकतरफा प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा के पक्ष में ही मतदान किया है।

इस बीच कल 23 दिसंबर को चुनावी परिणाम सामने आने के बाद स्थिति साफ हो जाएगी। दोनों ही दलों के प्रत्याशियों की धडकऩे हार-जीत की वजह से तेज हो गई है। पार्टी स्तर पर आला नेता अपना-अपना अनुमान लगा रहे हैं।

वार्ड 17 उप चुनाव के नतीजे पर बढ़ी धडक़ने
नगर निगम के वार्ड नं. 17 के उपचुनाव के नतीजे भी कल 23 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस की चंद्रकला देवांगन और भाजपा की सरिता सिन्हा के बीच ही मुख्य मुकाबला रहा। इस वार्ड में 67 प्रतिशत मतदाताओं ने 20 दिसंबर को मतदान किया है। स्थानीय पुराने तहसील कार्यालय में वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी। बैलेट पेपर की गिनती में वक्त लगने के कारण नतीजे आने में भी देरी होगी, लेकिन दोपहर के बाद हार-जीत को लेकर रूझान स्पष्ट हो जाएगा। इस संबंध में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि पूरी एकजुटता के साथ कांग्रेस ने चुनावी रण में फतह करने के इरादे से पूरा जोर लगाया है। भाजपा की हार तय है। कांग्रेस प्रत्याशी की ऐतिहासिक जीत होगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news