सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,18 जनवरी। दरिमा तहसील के उपार्जन केन्द्र करजी में 1 किसान को अन्य किसान के धान को अपने खाते में बेचते हुए प्रशासन की टीम ने पकड़ा और 70 बोरी धान जब्त किया।
एसीडीएम प्रदीप कुमार साहू ने बताया कि मंगलवार को करजी समिति के निरीक्षण के दौरान किसानों को जारी किए गए टोकन का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया। इस दौरान ग्राम सोहगा के किसान जितेन्द्र कुशवाहा के द्वारा 70 बोरी धान करजी समिति में बेचने लाया गया था। किसान का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उनकी पत्नी कुन्ती मौके पर उपस्थित थीं।
कुन्ती कुशवाहा ने बताया कि कृषक उनके पति के नाम पर पंजीयन है। पूर्व में 60 बोरी धान करजी समिति में विक्रय किया जा चुका है। मंगलवार को जितेन्द्र कुशवाहा के नाम से जारी टोकन में 70 बोरी धान लाया गया है, जो कि उनका नहीं है, न ही घर से लाया गया है। पूछताछ करने पर कुन्ती कुशवाहा ने बताया कि ग्राम बकालो के किसान आनन्द सिंह के द्वारा अपने घर से जितेन्द्र कुमार कुशवाहा के नाम पर जारी टोकन में बिक्री करने हेतु धान खरीदी केन्द्र करजी लाया गया है। एसडीएम प्रदीप साहू ने अनाधिकृत रूप से धान बेचते पाए जाने पर सभी 70 बोरी धान को जब्त कर समिति प्रबंधक को सुपुर्द किया।