रायपुर

सांसद खेल समारोह का आयोजन करेगी भाजपा, पाण्डेय संयोजक
19-Jan-2022 6:20 PM
सांसद खेल समारोह का आयोजन करेगी भाजपा, पाण्डेय संयोजक

सरोज कोरबा, रामविचार बस्तर के प्रभारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 जनवरी। भाजपा ने खेल को बढ़ावा देने के लिए संसद (सांसद) खेल समारोह का आयोजन किया है। हर लोकसभा क्षेत्र में खेल समारोह के आयोजन की तैयारी चल रही है। पार्टी का मानना है कि इससे न सिर्फ खेलों बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवा पार्टी से जुड़ेंगे। राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डेय को प्रदेश का संयोजक बनाया गया  है।

खेल समारोह कार्यक्रम के लिए संजूनारायण सिंह ठाकुर, और बिलासपुर के सुशांत शुक्ला को सह संयोजक बनाया गया है। सांसद संतोष पाण्डेय दोनों सह संयोजकों के साथ एक बैठक भी कर चुके हैं। जिसमें खेल समारोह के आयोजन पर विस्तार से चर्चा हुई है। पहले जनवरी के आखिरी हफ्ते में सांसद खेल समारोह के आयोजन की तैयारी थी, लेकिन कोरोना की वजह से कार्यक्रम को टाल दिया गया। अब मार्च में खेल समारोह आयोजित किए जाएंगे। यह समारोह सभी प्रदेशों में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर तय किए जाएंगे।

बताया गया कि प्रदेश में भाजपा के 9 लोकसभा सदस्य हैं। जिन दो लोकसभा क्षेत्र कोरबा, और बस्तर में भाजपा के सांसद नहीं हैं वहां राज्यसभा सदस्यों को प्रभारी बनाया गया है। कोरबा का प्रभार सरोज पाण्डेय, और बस्तर की जिम्मेदारी रामविचार नेताम को दी गई है। मंडल, पंचायत, और ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित किए जाएंगे। फिर संसदीय स्तर पर प्रतियोगिता होगी। इसमें स्थानीय खेल जैसे खो-खो, कबड्डी, पिट्टूल आदि को भी रखा जाएगा। 

बताया गया कि खेल समारोह के जरिए युवाओं में खेल, खेल संस्कृति और खेल भावना को बढ़ावा दिया जाएगा। सभी समाज के युवाओं में प्रतिभा की पहचान और संवर्धन किया जाएगा। युवाओं को स्थानीय, क्षेत्रीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में चैंपियन बनने की सुविधा देने के साथ-साथ स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना खेल समारोह का प्रमुख उद्देश्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए चैम्पियनों से रूबरू होंगे। समारोह जुड़े नेताओं का कहना है कि एक खेल राजदूत, और खेल आइकॉन बनाया जाएगा। ओलंपिक चैम्पियन सहित खेल आइकॉन पूर्व और वर्तमान चैम्पियन को जोड़ा जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news