राजनांदगांव

नांदगांव में 4 दिन रहेंगे कांग्रेस संगठन निर्वाचन अफसर
14-Jul-2022 12:58 PM
 नांदगांव में 4 दिन रहेंगे कांग्रेस संगठन निर्वाचन अफसर

जिला-शहर अध्यक्ष के दावेदार हुए सक्रिय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 जुलाई।
कांग्रेस के जिला और शहर संगठन का चुनाव कराने के लिए पार्टी आलाकमान ने बतौर निर्वाचन अधिकारी जगदीश सैनी को जिम्मेदारी सौंपी है। चुनाव कराने के लिए सैनी राजनंादगांव पहुंच गए हैं। वह अगले 4 दिन तक नवगठित  मोहला-मानपुर, खैरागढ़ जिले संग राजनंादगांव में भी संगठन चुनाव कराएंगे। 

इससे पूर्व प्रदेश नेतृत्व ने बीआरओ की नियुक्ति कर दी है। जगदीश सैनी मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन के महासचिव हैं और वह जबलपुर के रहने वाले हैं। इससे पहले कल पहुंचे श्री सैनी का जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा के नेतृत्व में सर्किट हाउस में स्वागत किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार आगामी दिनों कांग्रेस संगठन में होने वाले चुनाव को लेकर जिला कांग्रेस निर्वाचन अधिकारी जगदीश सैनी बुधवार को स्थानीय न्यू सर्किट हाउस में प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश प्रतिनिधियों,निगम मंडल के पदाधिकारियों, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, ब्लॉक पदाधिकारियों,ब्लॉक पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस, सेवा दल तथा विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी संगठन चुनाव के बारे में जानकारी दी और उनसे रायशुमारी की। उन्होंने शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक लेकर कहा कि कांग्रेस सदस्यता अभियान में मैनुअली व डिजिटल में शहर संगठन ने अच्छा प्रदर्शन किया है। जिसके लिए सभी सदस्यों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि संगठन चुनाव के लिए सभी एकमत होकर कार्य करें और संगठन चुनाव के माध्यम से कांग्रेस पार्टी को आगे बढ़ाने की दिशा में अपना योगदान दें। शहर संगठन की बैठक के पश्चात उन्होंने एक-एक करके सभी विंगों से चर्चा की। बैठक में प्रदेश महामंत्री शाहिद भाई, युवा आयोग अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष मन्ना यादव, अल्पसंख्यक आयोग सदस्य हफीज खान, आफताब आलम समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।

शहर अध्यक्ष के लिए जोरदार लॉबिंग

राजनंादगांव शहर अध्यक्ष के लिए पार्टी के आला नेताओं ने अपने समर्थकों के नाम को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। शहर अध्यक्ष की दौड़ में वरिष्ठ और नए चेहरों के नाम पर चर्चा चल रही है। राजनांदगांव शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा का कार्यकाल पूरा हो रहा है। वहीं पार्टी लाइन के शर्तों के तहत कुलबीर छाबड़ा की तीसरी बार नियुक्ति होने की संभावना नहीं है। छाबड़ा दूसरी बार शहर अध्यक्ष बने हैं। इधर वरिष्ठ नेताओं ने भी कुछ नाम को आगे बढ़ाया है। जिसमें रमेश डाकलिया का नाम शामिल है। इसी तरह महापौर हेमा देशमुख, विरेन्द्र चौहान के नाम को लेकर प्रयासरत हैं। वहीं जितेन्द्र मुदलियार राकेश जोशी को शहर अध्यक्ष बनाने की जुगत में है। साथ ही आसिफ अली का नाम भी चर्चा में है। आसिफ को महापौर के अलावा हफीज खान और संसदीय सचिव इंद्रशाह मंडावी का भी समर्थन प्राप्त है। 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news