सरगुजा

सरगुजा जिले की तीनों विधानसभाओं में आजादी गौरव पदयात्रा शुरु
09-Aug-2022 6:48 PM
सरगुजा जिले की तीनों विधानसभाओं में आजादी गौरव पदयात्रा शुरु

अम्बिकापुर में यात्रा की शुरुआत मंत्री सिंहदेव ने की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 9 अगस्त।
सरगुजा जिले की तीनों विधानसभाओं में आजादी गौरव पदयात्रा की शुरुआत उन विधानसभा के विधायकों के नेतृत्व में प्रारंभ हो गई है। अम्बिकापुर विधानसभा में यात्रा की शुरुआत उदयपुर विकासखंड के ग्राम देवगढ़ के महादेव मंदिर से हुई।
 
महादेव मंदिर में सर झुकाकर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने यात्रा की शुरुआत की। देवगढ़ मंदिर से यात्रा प्रारंभ होकर ग्राम भदवाही, खम्हरिया, रीखी, सलका, पलका, सोनतरई, मृगाडांड होते उदयपुर तक कुल 22 किलोमीटर का सफर तय करेगी। टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता इस पदयात्रा में शामिल हुए हैं। जगह-जगह ग्रामीणों के द्वारा यात्रा का स्वागत किया जा रहा है।
 
पदयात्रा के साथ ही  टीएस सिंहदेव क्षेत्र में व्याप्त सूखे का आंकलन भी कर रहे हैं। सूखे की स्थिति पर उन्होंने प्रदेश के मुख्य सचिव से भी बात की है। पदयात्रा के दौरान उन्होंने ग्रामीणों में राष्ट्रध्वज तिरंगा का भी वितरण किया।

पदयात्रा के दौरान उनके साथ सिद्धार्थ सिंहदेव, ब्लॉक कांग्रेस उदयपुर के अध्यक्ष राजनाथ सिंह, अमित सिंहदेव, ओमप्रकाश सिंह, संतोष गुप्ता, बबन रवि, इंद्रजीत सिंह धंजल, अमित सिंह, रोशन कन्नौजिया, अविनाश प्रिया प्रियांशु, गुरुप्रीत सिंधु, निखिल विश्वकर्मा, मनीष केशरी सहित सैकडों की संख्या में ग्रामीण और कांगेस कार्याकर्ता मौजूद थे।

सीतापुर विधानसभा में पदयात्रा का प्रारंभ ग्राम भुसु से प्रारंभ होकर सीतापुर तक चला। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में यात्रा ग्राम खडधोवा, मुरमा, भवराडांड, सोनतरई होते 15 किमी का सफर कर सीतापुर पहॅुंची। ग्रामीणों के साथ चितपरिचित अंदाज में घुलमिल जाने वाले अमरजीत भगत ने यात्रा के साथ ही सूखे की स्थिति को भी परखा साथ ही लोगों को शीघ्र राहतकार्य प्रारंभ होने की जानकारी दी। उनके साथ सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण यात्रा में सहभागिता कर रहे थे।

लुंड्रा विधानसभा में यात्रा की शुरुआत ग्राम धौरपुर से हुई। क्षेत्रीय विधायक एवं मेडिकल कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ प्रीतम राम की अगवाई में प्रारंभ हुई यह यात्रा 15 किमी का सफर कर ग्राम सखौली में समाप्त हुई। इस दौरान ग्राम जमीरा एवं सखौली में सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को प्रदेश शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी।
 
पदयात्रा के दौरान डॉं. प्रीतम राम ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उन्हें बताया कि विधानसभा क्षेत्र सूखा प्रभावित घोषित हुआ है। सूखा राहत कार्य में वे जिस प्रकार का कार्य चाहते हैं उसका प्रस्ताव बना कर ग्राम पंचायत के माध्यम से शासन को भेजें। उनकी इस पदयात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, जनपद पंचायत धौरपुर के अध्यक्ष गंगाराम, उपाध्यक्ष वीरभद्र सिंह, ब्लॉक कांगेस के अध्यक्ष मार्तण्ड सिंह, प्रमोद चौधरी, राजेश तिवारी सहित सैकडो की संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news