महासमुन्द
महासमुंद, 1 अक्टूबर। आकाशीय बिजली से शुक्रवार को दो लोगों की मौत हो गई तो वहीं दो लोग घायल हो गए। दोनों घटना बुंदेली चौकी क्षेत्र मेें घटित हुई है। मृतकों का शव जांच पंचनामा के बाद मर्ग कायम कर पोस्ट मार्टम के लिए रवाना कर दिया गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां दोनों की हालत सामान्य बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार तेंदूकोना थाना के बुदेली चौकी क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से जय सिंह ठाकुर 55 और लखन सिंह 32 साल की मौत हो गई। बताया जा रहा है घटना लगभग 2.30 बजे दोपहर उस वक्त घटित हुई जब खाना खाने के बाद दोनों टहलने निकले थे। अचानक बारिश शुरू होने पर बचने के लिए दोनों नदी किनारे स्थित शिव मंदिर में रुके। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान दूसरी घटना में भी दो अन्य के घायल होने की भी जानकारी दी है। इनमें बोरईलामी चौकी बुदेली क्षेत्र के पंकज पटेल 14 साल, खेमन यादव 16 साल शामिल हैं। दोनों को उपचार के लिए भुरकोनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने दोनों की स्थित सामान्य बताई है।