बिलासपुर

जमीन विवाद के चलते भाइयों के बीच कलेक्ट्रेट के सामने बलवा
18-Oct-2022 7:29 PM
जमीन विवाद के चलते भाइयों के बीच कलेक्ट्रेट के सामने बलवा

चाकू, रॉड स्टिक से वार, दो घायल, आरोपी फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 18 अक्टूबर। कलेक्ट्रेट के सामने जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। भाइयों ने मिलकर बेसबॉल, बैट, रॉड से हमला कर दौड़ा-दौड़ाकर दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने सिर, पेट और जांघ में चाकू चला दिए, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइन पुलिस ने हमलावरों पर बलवा और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया है।

जरहाभाठा के शेख मोहम्मद की कम्प्यूटर और फोटोकॉपी दुकान है। उसके भाई शेख खलील सहित अन्य भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद नजूल अधिकारी के न्यायालय में लंबित है, जिसकी सोमवार को पेशी थी। केस में शेख शहजादा उर्फ सज्जू की गवाही होनी थी। कोर्ट में गवाही देने के बाद शाम करीब 5 बजे कलेक्ट्रेट के सामने शेख मोहम्मद, उसका भाई शेख शहजादा उर्फ सज्जू, शेख जलील और शेख मकसूद उर्फ बादशाह चाय पी रहे थे। उसी समय शेख खलील, शेख इब्राहिम, शेख इस्माइल, शेख इमरान, शेख इरफान, शेख आमिल, शेख आदिल और शेख अब्बास आ गए।

चाय पी रहे लोग होटल से बाहर आए और घर जाने के लिए अपनी गाड़ी के पास पहुंचे। इसी दौरान शेख इस्माइल और शेख खलील ने उनकी बाइक को गिरा दिया। इसके बाद शेख इब्राहिम , बादशाह उर्फ मकसूद को बेसबॉल बैट से मारने लगे। शेख शहजादा को शेख खलील और शेख आमिल अपने पास रखे चाकू से मारने लगे। हमलावरों ने उन्हें जान से मार देने की बात कही। इस दौरान उन्होंने शेख शहजादा पर भी चाकू, रॉड और स्टीक से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन में गिर गया। हमलावरों ने बादशाह को भी दौड़ा कर रॉड से हमला कर पेट में चाकू मार दिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइन पुलिस ने शेख मोहम्मद की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। वारदात के बाद से हमलावर फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news