रायपुर

ईडी की कार्रवाई भाजपा की राजनैतिक हताशा -शुक्ला
04-Dec-2022 6:47 PM
ईडी की कार्रवाई भाजपा की राजनैतिक हताशा -शुक्ला

सबूतों पर हो रही कार्रवाई को तकलीफ क्यों-मूणत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 दिसंबर। मुख्यमंत्री सचिवालय की उपसचिव पर ईडी द्वारा की गयी कार्यवाही को कांग्रेस ने भाजपा की राजनैतिक हताशा बताया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का राजनैतिक रूप से मुकाबला नहीं कर पा रही है तो वह केंद्रीय जांच एजेंसियों को दुरूपयोग कर कांग्रेस सरकार की छवि खराब करने का षडय़ंत्र रच रही है। भाजपा के इस अतिवादी चरित्र को पूरा प्रदेश और देश देख रहा है। छत्तीसगढ़ में मुद्दों के दिवालियेपन से जूझ रही, भाजपा लगातार मनगढ़त आरोपों के आधार पर राजनीति करने का प्रयास किया है लेकिन वह हमेशा असफल साबित हुई है। इसके पहले भी भाजपा ने मुख्यमंत्री और सरकार की छवि खराब करने के लिये अनेक प्रयास किया है लेकिन उसमें वह बुरी तरह से नाकामयाब साबित हुई है। इस बार भी भाजपा के षडय़ंत्रों का वही हश्र होगा।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने देश भर में अपने मुखर विरोधी राज्य सरकारों के खिलाफ ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग किया है। विरोधी दलों की सरकारों को प्रताडि़त करने का काम किया है। पं. बंगाल में तृणमूल की ममता बेनर्जी, झारखंड हेमंत सोरेन सरकार, दिल्ली के केजरीवाल के उप मुख्यमंत्री सिसोदिया, पंजाब की पूर्व कांग्रेस की चन्नी सरकार जैसे अनेकों उदाहरण जहां पर भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से भय और आतंक फैलाने का प्रयास किया है। छत्तीसगढ़ में की गयी ईडी की कार्यवाही भी भाजपा के उन्हीं षडय़ंत्रों का हिस्सा है।

मूणत ने कहा अभी बहुत से हैं लाइन में

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री राजेश मूणत  ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के भ्रष्ट अधिकारियों और व्यापारियों पर अगर केंद्रीय जांच एजेंसियां सबूतों के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं, तो कांग्रेस को तकलीफ क्यों हो रही है? बघेल जी अगर आप भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं,तो आपको ईडी को जांच में सहयोग करना चाहिए। मूणत ने कहा कि जिन व्यक्तियों ने भ्रष्टाचार किया है उनके खिलाफ पूरा देश खड़ा है। हर व्यक्ति चाहता है जिन्होंने काले कारनामे किए उनका भ्रष्टाचार सामने आना चाहिए। मूणत ने पूछा क्या कांग्रेस पार्टी का इनके साथ आपस में कोई रिश्ता है या कांग्रेस की शह पर सीएम सचिवालय की सचिव पर कार्रवाई होती है। जो प्लेन में सबको लेकर जाता है, और कोलमाइन का पैसा वसूलता है। कांग्रेस कहती है उससे हमारे संबंध नहीं है। मूणत ने कहा कि कांग्रेस के मित्रों से आग्रह है कि आरोप प्रत्यारोप से निकलकर प्रशासनिक तंत्र में भ्रष्टाचार की जो जड़े जमी है उसको समय रहते समेट लें। नहीं तो अभी बहुत से लोग लाइन में हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news