महासमुन्द

महासमुंद अस्पताल-मेडिकल कॉलेज खुद ही स्ट्रेचर पर, 6 सौ में से मात्र 40 ही काम कर रहे, बाकी की भर्ती अब तक नहीं
16-Mar-2023 4:20 PM
महासमुंद अस्पताल-मेडिकल कॉलेज खुद ही स्ट्रेचर पर, 6 सौ में से मात्र 40 ही काम कर रहे, बाकी की भर्ती अब तक नहीं

सभी पद खाली, अब नर्सें भी हड़ताल पर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 मार्च।
महासमुंद मेडिकल कालेज 616 कर्मचारियों के स्वीकृत पदों में से महज 40 ही काम कर रहे हैं और बाकी सभी पद खाली हैं। इनकी भर्ती तक नहीं हुई है। कल से यहां काम करने वाली नर्सें भी हड़ताल पर है। मरीजों का बुरा हाल है। इस तरह जिले का सबसे बड़ा अस्पताल सह मेडिकल कालेज खुद ही स्ट्रेचर पर है। 

प्रदेश के तमाम मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ महासमुंद मेडकल कालेज में कार्यरत नर्सें भी अपनी 4 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। वे इस वक्त रायपुर के मेकाहारा हॉस्पिटल से जेल रोड तक वादा निभाओ रैली में शामिल हैं। पहले से ही महासमुंद जिले के मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में स्टॉफ  की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं स्ट्रेचर पर है। यहां नर्स, वार्ड ब्वॉय, तकनीकी कर्मचारियों सहित सैकड़ों पद रिक्त हैं। अब तक इन पदों पर भर्ती नहीं की गई है। इसका खामियाजा यहां आने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। 
मालूम है कि महासमुंद मेडिकल कॉलेज की शुरुआत के बाद जिला अस्पताल में मरीजों का दबाव पहले से ज्यादा बढ़ गया है। यहां रोजाना 400 से ज्यादा मरीज जांच और उपचार कराने पहुंचते हैं। इस लिहाज से अस्पताल में स्टाफ  की भारी कमी है और काम का प्रेशर बढ़ गया है। जरूरी विभागों में भी नर्सों की कमी के कारण भर्ती मरीजों की ठीक से देखभाल भी नहीं हो पा रहा है।

विभागीय जानकारी के अनुसार महासमुंद मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में 616 कर्मचारियों के पद स्वीकृत हैं। इसमें केवल 40 ही कार्यरत है। जिसमें 34 नर्स, 2 वार्ड ब्वॉय, 2 स्वीपर,एक पंप अटेंडेंट और एक क्लर्क शामिल है। बाकी 576 पद रिक्त है। वर्तमान में 176 पद नर्स के स्वीकृत हैं। इसमें 34 कार्यरत है और 142 पद अब भी रिक्त हैं। यही हाल वार्ड ब्वाय का भी है। इसके कुल 195 पद स्वीकृत हैं जबकि वर्तमान में 2 वार्ड बाय कार्यरत है और 193 पद अभी भी रिक्त है। 

मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार अलग-अलग विभागों में भी पद स्वीकृत हंै। जैसे ब्लड बैंक में टेक्नीशियन, स्टोर कीपर, लैब अटेंडेंट, रिकार्ड कीपर के पद खाली हैं। कैजुअल्टी सर्विस में वार्ड ब्वाय, रेडियोग्राफर,इसीजी टेक्नीशियन, स्टॉफ नर्स, कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर के पद भी रिक्त पड़ा हुआ है। वहीं लॉन्ड्री सर्विस में भी धोबी, पैकर, सुपरवाइजर आदि के पद रिक्त पड़े हुए हैं। इन पदों पर भर्ती नहीं की गई है। 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news