महासमुन्द

सवा करोड़ के गांजा संग यूपी-बिहार के 2 गिरफ्तार
07-Jun-2023 4:59 PM
सवा करोड़ के गांजा संग यूपी-बिहार के 2 गिरफ्तार

ओडशा से ट्रक में धान के भूसे में छिपा रायपुर जा रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 जून। सिंघोड़ा पुलिस ने कार से तस्करी करते उत्तरप्रदेश और बिहार के दो आरोपियों से 500 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत एक करोड़ 25 लाख रुपए है। आरोपियों ने ट्रक में धान के भूसे में गांजा छुपा रखा था। हिरासत में भेजे गए दोनों आरोपी वर्तमान में दिल्ली में उबर ओला चालक थे।

पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, एसडीओपी महासमुंद मंजुलता बाज ने आज दोपहर 12 बजे आयोजित एक प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि सिंघोड़ा पुलिस ने दो आरोपियों से 500 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत एक करोड़ 25 लाख रुपए है। आरोपी ओडशा से आयशर ट्रक में गांजा लेकर महासमुंद के रास्ते रायपुर जा रहे थे।

दोनों दोस्त थे और रायपुर के विशाल सेठ नामक व्यक्ति ने उन्हें फोन पर रायपुर बुलाया था। दोनों दिल्ली से कार में रायपुर पहुंचे। रायपुर में इन्हें ओडिशा जाकर सामान लाने कहा गया, जिसकी कीमत रोजाना 18 हजार रुपए के अलावा प्रति खेप 5 हजार रुपए अतिरिक्त पर बात बनी थी। पुलिस को चकमा देने के लिये आरोपी भूसे की बोरियों के नीचे गांजा छिपाकर ले आ रहे थे। गांजे की इस बड़ी खेप को रायपुर स्थित सागर ड़ेयरी फार्म तक पहुंचना था। पुलिस सागर डेयरी फार्म, विशाल सेठ आदि के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि 6 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि बरगढ़ ओडिशा से अवैध मादक पदार्थ गांजे की एक बड़ी खेप आयशर ट्रक में रायपुर की ओर आनेे वाली है। थाना सिंघोड़ा प्रभारी एवं सायबर सेल की टीम ने इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पाईंटों पर बल तैनात कर संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की। तभी वहां एक आयशर प्रो महासमुंद की ओर आते दिखा। ग्राम रेहटीखोल के पास उक्त ट्रक को घेराबंदी कर रोका गया।

उक्त वाहन में 2 व्यक्ति सुधीर कुमार यादव (43 वर्ष) बिहार तथा रामकुमार शाहशंकर (51) गोविन्दपुरम् उत्तर प्रदेश दोनों हालमुकाम दिल्ली बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर बोरियों में भूसे के बोरियों के नीचे अन्य बोरियों में गांजा भरा हुआ मिला।

 ट्रक में 20 प्लास्टिक बोरियों में कुल 500 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला। वाहन पर अवैध गांजा परिवहन करते पाये जाने पर मौके पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 5 क्विंटल गांजा कीमती लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपए  एवं आयशर ट्रक कीमती लगभग 10 लाख रुपए जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 20 ख, एनडीपीएस के तहत थाना सिंघोड़ा में कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में जनवरी से अब तक 12 करोड़ 50 लाख रुपए का 5000 किलोग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है। जिसमें 54 एफआईआर दर्ज हुए और लगभग सौ आरोपियों को जेल दाखिल किया गया है। साथ ही इन सभी मामलों में उपयोग में लाए गए 45 वाहन राजसात हुए हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news