बस्तर

भाजपा ने दिया विधायक चंदन के खिलाफ धरना, निकाली रैली
20-Jul-2023 9:06 PM
भाजपा ने दिया विधायक चंदन के खिलाफ धरना, निकाली रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 20 जुलाई।
नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चन्दन कश्यप के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय मुद्दों को लेकर भाजपा ने गुरुवार को मुण्डागांव में कांग्रेस के खिलाफ धरना देकर रैली निकाल प्रदर्शन किया और घोटाले करने व किसानों व आम लोगों से वादाखिलाफी का आरोप लगाया।

धरना को सम्बोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल की कसम खाकर जनता से 36 वादे किये थे, लेकिन साढ़े चार साल बीतने के बावजूद भूपेश सरकार व स्थानीय विधायक चंदन कश्यप ने अब तक कोई वायदा जनहित में पूरा नहीं हुआ। हाल ही में यहां की आदिवासी बेटियां हैदराबाद में बंधक बनाई गई हैं, उनकी हत्याएं हो रही हैं, लेकिन सरकार मौन बनी हुई है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और विधायक जश्न मनाने में लीन है, लेकिन आदिवासियों की चिंता नहीं है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष बघेल ने विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा किसानों को खाद में अघोषित टैक्स लिया जा रहा है, आरक्षण में कटौती कर स्थानीय युवाओं का हक मारने का काम किया गया है। बेरोजगारी भत्ता के नाम पर युवा ठगा महसूस कर रहे हैं। स्थानीय भर्ती प्रक्रिया को खत्म कर बस्तर के लोगों का हक मारने का कार्य भूपेश सरकार ने किया। बिजली बिल हाफ के नाम से जनता को लूट रहे हैं, स्वास्थ्य व्यवस्था दयनीय स्थिति में है। गोठनों के नाम से जनता के विकास का पैसा लूट लिया गया, जिसमें क्षेत्र का विकास रुक गया जिसके जिम्मेदार विधायक और कांग्रेस जिम्मेदार हैं।

जिपं सदस्य निर्देश दीवान ने कहा कांग्रेस सरकार में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है, दूसरे राज्य से बेटी की हत्या कर घर में शव फेंककर जा रहे हैं। यहां की सरकार मूक़दर्शक बनी हुई है। उत्तरप्रदेश की घटनाओं पर 50 लाख मुआवजा देने वाली कांग्रेस बाकेल व कोंगेरा की घटनाओं पर कब मुआवजा देगी।

उन्होंने आगे कहा-यहां स्कूल छत्रावास के भोजन के पैसों को डाका डाला जा रहा है मूलभूत सुविधाएं नहीं है,केंद्र सरकार द्वारा दिये जा रहे गरीबों के राशन को कांग्रेस ने घोटाले कर बंदरबाट किया है। आगामी चुनाव में जनता जवाब देगी। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत भी मौजूद रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news