महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,27 जुलाई। महासमुंद जिले के ग्राम खैरझिटी,कौंवाझर, मालीडीह के किसान कृषि भूमि, काबिल कास्त भूमि, आदिवासी भूमि, वन भूमि, शासकीय भूमि में गैर कानूनी ढंग से निर्माणाधीन करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट लगने के विरोध में सत्याग्रह पर हैं। आज 518वें दिन भी उनका सत्याग्रह जारी है।
किसानों की मांग है कि कोडार जलाशय का पानी किसी भी फैक्ट्री को न दें। सरकार उक्त जमीन का डायवर्सन रद्द करे, सत्याग्रही आदिवासी किसान, महिला किसान,वृद्ध किसानों पर तुमगांव थाने में दर्ज एफ आईआर को रद्द करें।
मालूम हो कि हाइवे के पास ही ये किसान विगत 25 फरवरी 2022 से छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले अखंड सत्याग्रह कर रहे हैं। सत्याग्रह के 517 वें दिन कल खेती किसानी के व्यस्तता के बाद भी लगभग 30 किसान, जवान एवं महिला किसानों ने भाग लिया। कल धरना सत्याग्रह का नेतृत्व अशोक कश्यप, दशरथ सिन्हा, डेविड चंद्राकर, तेजराम यादव, रामलाल विश्वकर्मा, बोधन यादव, नरेश धीवर,बेनीराम पटेल ने किया।
कल सत्याग्रह सभा को अशोक कश्यप,हेमसागर पटेल, तोषण सिन्हा, दिनेश यादव, राधाबाई सिन्हा, पुसवैया धीवर, शांति सिन्हा, धनेश्वरी यादव आदि ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अपनी आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए हम लोग मर मिटने के लिए तैयार हैं लेकिन करणी कृपा स्टील एवं पवार प्लांट लगने नहीं देंगे।