बस्तर

अविश्वास प्रस्ताव भाजपा की हताशा-निराशा का प्रमाण- रेखचंद
06-Aug-2023 3:56 PM
अविश्वास प्रस्ताव भाजपा की  हताशा-निराशा का प्रमाण- रेखचंद

बेबुनियाद आरोप मढऩा भाजपा की पुरानी आदत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 6 अगस्त। 
संसदीय सचिव व जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन ने कहा है कि 48 सदस्यों की नगर निगम में कांग्रेस पार्षदों की संख्या 29 हैं। भाजपा के मात्र 18 पार्षद हैं। संख्या के आधार पर भाजपा की हार तय है।  बावजूद इसके भाजपा ने महापौर सफिरा साहू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है जो उसकी हताशा- निराशा का प्रमाण है। बेबुनियाद आरोप मढऩा भाजपा की पुरानी आदत है। भाजपा पार्षद इससे पहले भी इस प्रकार का आरोप लगाकर उनका हश्र देख चुके हैं।

श्री जैन ने कहा है कि शहर से लेकर गांव तक जिस प्रकार का विकास हो रहा है, वह भाजपा को पच नहीं रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में  समस्त कांग्रेसजन शहर विकास के लिए कृत संकल्पित हैं। शहर में खेल मैदानों के सौंदर्यीकरण, ई- लाइब्रेरी की स्थापना, नामचीन हस्तियों व महापुरुषों के नाम पर भवनों के नामकरण, दलपत सागर सुन्दरीकरण,  आधारभूत संरचनाओं का निर्माण आदि ढेरों काम हुए हैं या प्रगति पर हैं। भाजपा के 15 साल के कार्यकाल में शहर विकास का केवल ढिंढोरा पीटा गया। इन 15 में से 10 साल तो शहर में भाजपा की सरकार रही। 

श्री जैन ने कहा है कि तब और अब का अंतर जनता देख रही है। कांग्रेस के पार्षद एकजुट होकर भाजपा के अविश्वास प्रस्ताव का मुंहतोड़ जवाब देंगे। जनता के विश्वास को खंडित करने की भाजपा की साजिश सफल नहीं हो पाएगी। 

उन्होंने कहा है कि महिला महापौर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का उचित जवाब देकर भाजपा के महिला विरोधी चेहरे को भी बेनकाब किया जाएगा। अविश्वास प्रस्ताव के धराशायी होते ही  कांग्रेस व जनता की पुन: जीत की संभावना व्यक्त करते, श्री जैन ने भाजपा व उसके अहंकार के पराजित होने की बात भी कही है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news