राजनांदगांव

पूर्व पीएम राजीव की जयंती पर सद्भावना दौड़ व संगोष्ठी
20-Aug-2023 1:31 PM
पूर्व पीएम राजीव की जयंती पर सद्भावना दौड़ व संगोष्ठी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अगस्त।
  भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर रविवार को शहर में सद्भावना मार्च के तहत दौड़ का आयोजन स्टेट स्कूल से किया गया। वहीं कांग्रेस भवन में स्व. गांधी को नमन करते उनके जीवनकाल की उपलब्धियों और सिद्धांतों पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। 

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं राजीव फैंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आज सद्भावना में लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सुबह 7 बजे से दौड़ में शामिल होने के लिए स्कूली बच्चे, शिक्षक के अलावा खिलाड़ी भी शामिल हुए। वहीं मानव श्रृंखला बनाकर रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। हर साल स्व. गांधी की जयंती पर सद्भावना का संदेश देने के लिए आयोजन किया जाता है। युवा आयोग अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व में सद्भावना मार्च में स्व. गांधी को याद करते उन्हें महान सपूत बताया।  

महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि स्व. गांधी कम्प्यूटर शिक्षा के असल जनक थे। उन्होंने युवाओं को कम्प्यूटर में दक्ष बनाने के लिए देश में क्रांतिकारी  नीति के तहत कम्प्यूटर का उपयोग शुरू किया। युवाओं को 18 साल की उम्र में मतदान करने का अधिकार भी दिलाया। महापौर ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने की उनकी सकारात्मक सोंच का नतीजा रहा कि महिलााएं आज देश में राजनीति, व्यवसाय और शिक्षा में आगे बढ़ रही हैं।  

शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने कहा कि स्व. गांधी ने देश को एक नई दिशा दी। उसी का प्रतिफल रहा कि आज देश विश्व में अलग पहचान रखता है। इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र में स्व. गांधी के फैसले से  देश विकास की ओर आगे बढ़ा है। सद्भावना मार्च में श्रीकिशन खंडेलवाल, धनेश पाटिला, कुतबुद्दीन सोलंकी,  संतोष पिल्ले, सूर्यकांत जैन, अमित कुशवाहा, चेतन भानुशाली, सिद्धार्थ डोंगरे, रमेश डाकलिया, इकरामुद्दीन सोलंकी, मामराज अग्रवाल समेत अन्य लोग बड़ी संख्या में शामिल थे। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news