बलरामपुर
रामानुजगंज में कांग्रेस की हार के बाद मचा घमासान, बृहस्पति पर साधा निशाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,9 दिसंबर। रामानुजगंज विधानसभा में कांग्रेस की हार को लेकर घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लडक़र हार का सामना करने के बाद डॉ. अजय तिर्की ने बृहस्पति सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि बृहस्पति सिंह भाजपा से मिलीभगत करते हुए बीजेपी प्रत्याशी नेताम के पक्ष में प्रचार करने का आरोप लगाया है।
श्री तिर्की ने बृहस्पति सिंह को पार्टी से निष्कासित करने की मांग भी किया गया है। श्री तिर्की ने कहा कि बृहस्पति सिंह का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है,जिससे वह प्रदेश कांगे्रस की प्रभारी सैलजा और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।
रामानुजगंज से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लडऩे वाले डॉ. अजय तिर्की ने बृहस्पति सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी रामविचार नेताम को सपोर्ट किया है। मतदान से पहले की रात काले रंग की क्रेटा कार में घूम-घूमकर बीजेपी के लिए प्रचार किया है। बृहस्पति सिंह ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को धमकाया और बीजेपी को वोट दिलवाया है।
डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि जिस तरह से बृहस्पति सिंह छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा के खिलाफ अपशब्दों का उपयोग कर रहे हैं, इससे यह साफ पता चलता है कि बृहस्पति सिंह का मानसिक संतुलन पूरी तरह से बिगड़ गया है।
ज्ञात हो कि लगातार टीएस सिंहदेव और छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा के खिलाफ खुलकर बयानबाजी कर रहे पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह को कांग्रेस पार्टी संगठन की तरफ से नोटिस जारी किया गया है।