गरियाबंद

अवैध संबंध का शक, भाभी की हत्या
30-Dec-2023 2:55 PM
अवैध संबंध का शक, भाभी की हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 30 दिसंबर।
गरियाबंद जिले में देवर ने अवैध संबंध के शक में अपनी भाभी की हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम करचाली में शुक्रवार रात को देवर हेमनारायण निषाद ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर अपनी भाभी की हत्या कर दी है। हत्या का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही छुरा पुलिस एसडीओपी पुष्पेंद्र नायक सहित छुरा पुलिस मौके पर पहुंची है। 

कुल्हाड़ी से किया ताबड़तोड़ वार

परिजनों के मुताबिक हेमनारायण को भाभी का दूसरे युवक के साथ अवैध संबंध होने की बात पता चली थी, जिसके चलते गुरुवार शाम को दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। शुक्रवार शाम खेत से वापस आने के बाद देवर और भाभी के बीच फिर झगड़ा हुआ। इसी बीच आरोपी देवर ने घर में रखी कुल्हाड़ी से भाभी के गले में ताबड़तोड़ वार कर दिया। कुल्हाड़ी के हमले से भाभी दौड़ते हुए घर के बाहर निकली और जान बचाने की गुहार लगाने लगी। लेकिन देवर ने पीछे से आकर फिर से हमला कर दिया, जिससे उसकी भाभी जमीन पर गिर गई। अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीओपी पुष्पेंद्र नायक सहित छुरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल छुरा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news