रायगढ़

फांसी पर लटकी मिली महिला की लाश, हत्या की आशंका
21-Feb-2024 8:05 PM
फांसी पर लटकी मिली महिला की लाश, हत्या की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 21 फरवरी।
जिले की तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में 18 फरवरी की रात एक विवाहिता महिला ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष के ऊपर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।  

पुलिस के अनुसार तमनार थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम गोढ़ी में 18 फरवरी की रात एक विवाहिता महिला प्रियंका गुप्ता पति अभिषेक गुप्ता 25 साल ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते 19 फरवरी की सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को फंदे से उतरावाकर पोस्टमार्टम के लिये भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

9 दिसंबर को हुई थी शादी
ग्राम गोढी के ग्रामीणों ने बताया कि अभिषेक गुप्ता और प्रियंका का विवाह 9 दिसम्बर 2023 को हुआ था। 18 फरवरी की सुबह अभिषेक रोजाना की भांति तराईमाल में स्थित किसी प्लांट में काम करता है। दोनों हंसी खुशी जीवन यापन करते आ रहे थे इसी बीच अचानक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिये जाने से वो भी अचंभित हैं कि आखिरकार महिला ने किन कारणों से यह कदम उठाया है।  

मृतका के परिजनों ने लगाया आरोप
प्रियंका गुप्ता द्वारा आत्महत्या की जानकारी मिलते ही तमनार के ग्राम गोढ़ी पहुंचे मृतका के परिजनों ने तमनार थाने में ससुराल वालों के खिलाफ प्रियंका आत्महत्या के लिये उकसाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। प्रियंका के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर उनकी बेटी की हत्या कर शव टांगने का आरोप भी लगाया है।
  
आत्महत्या से पहले परिजनों से की थी बात
प्रियंका गुप्ता की माता बीणा देवी, पिता संजय कुमार अग्रहरि निवासी चीर बगीचा जिला जशपुर ने बताया कि 18 फरवरी की शाम करीब 7 बजे प्रियंका मोबाइल वीडियो कॉल से प्रियंका से बात हुई जिसमें प्रियंका हंसते हुए बात कर रही थी फिर अचानक प्रियंका गुप्ता की सास संजू गुप्ता ने उन्हें इस घटना की सूचना देकर अपने घर बुलाया जहां, उनकी बेटी प्रियंका का शव फांसी पर लटका हुआ था।  

इस संबंध में तमनार थाना प्रभारी आशीर्वाद राहटगांवकर ने बताया कि तमनार के ग्राम गोढी में महिला की मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग कायम किया गया है मृतका का नाम प्रियंका गुप्ता है। मृतका का शव फांसी के फंदे में मिला था। 

फोरेंसिक टीम द्वारा घटना का मुआयना एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा पंचनामा कार्रवाई कर की गई। तमनार पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर आगे जांच कार्रवाई में जुट गई है।  

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news