सरगुजा

भाजपा में आते ही चिंतामणि पर लगे आरोप धूल गए- शशि सिंह
27-Mar-2024 8:06 PM
भाजपा में आते ही चिंतामणि पर लगे आरोप धूल गए- शशि सिंह

कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा भाजपा लोकतंत्र को खत्म करने की रच रही साजिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 मार्च। सरगुजा लोकसभा सीट से कांग्रेस ने शशि सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। शशि सिंह पूर्व मंत्री स्व. तुलेश्वर सिंह की बेटी है। 

बुधवार की रात एआईसीसी द्वारा उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा के बाद शशि सिंह गुरुवार को अंबिकापुर कांग्रेस भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज पर हमलावर हो गई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चिंतामणि महाराज जब कांग्रेस में थे, उस समय ईडी की सूची में उनका नाम आया था, जैसे ही वह भाजपा प्रवेश किए, उन पर लगे सारे आरोप वाशिंग मशीन में धुल गए।

आगे शशि सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक युवा महिला पर भरोसा जताया है, वह इस विश्वास को सरगुजा लोकसभा सीट जीतकर खरी उतरेंगी। उन्होंने कहा कि वह किसान, युवा, महिला, बेरोजगार,पिछड़ा वर्ग को लेकर मुद्दा उठाएंगी और विपक्षी से लड़ाई लड़ेंगी। 

उन्होंने कहा कि सरगुजा में हसदेव का मुद्दा सबसे बड़ा है, यहां के जल जंगल जमीन को अदानी की कंपनी को दे दिया गया है,अब तक कोई भी सांसद इस मुद्दे को नहीं उठाया।

उन्होंने कहा कि अगर मैं इस सरगुजा लोकसभा सीट से जीत दर्ज करूंगी तो हसदेव के मुद्दे को संसद में उठाऊंगी और हर संभव लड़ाई लडूंगी। सरगुजा में शिक्षा की व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधा को बढ़ावा देने काम करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने महतारी वंदन योजना के नाम पर महिलाओं को धोखा दिया है, बहुत सारी  महिलाएं ऐसे हैं, जो इस योजना से वंचित है, किसी वृद्ध महिला को इस योजना का लाभ मिल रहा है तो उनके पेंशन का 500 रूपए काट कर दिया जा रहा है। कांग्रेस मनरेगा को लेकर भी नई योजना बना रही है। 

शशि सिंह ने कहा कि भाजपा अबकी बार 400 पार का नारा दी है, अगर इनका 400 पार हो गया तो वह भारत के लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश करेंगे। दो-दो मुख्यमंत्री को जेल के अंदर डालकर उन्होंने अपने मंसूबे साफ कर दिया है। शशि ने कहा-कांग्रेस पार्टी ही इस देश को आगे ले जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता काफी एक्टिव हो चुके हैं, हम सब मिलकर काम करेंगे और सरगुजा लोकसभा सीट से जीत दर्ज करेंगे।

प्रेस वार्ता को जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्यतेश्वर शरण सिंह देव ने संबोधित करते हुए कहा कि देश में कई प्रकार के संकट हैं।बिना किसी सबूत के सिर्फ आरोप लगाकर दो-दो मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस पार्टी का अकाउंट सीज कर लिया गया, ताकि उनके सामने कोई लड़ाई ना लड़ सके। महंगाई से लोग त्रस्त हो गए हैं। कांग्रेस पेट्रोल,डीजल,गेहूं,चावल के दाम और कई अन्य मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

श्रम कल्याण मंडल के पूर्व अध्यक्ष शफी अहमद ने प्रेस वार्ता में कहा कि शशि सिंह को टिकट मिलने से हम काफी उत्साहित हैं, सभी कार्यकर्ताओं में चर्चा हो रही थी कि इन्हें टिकट मिले, भावना अनुरुप इन्हें प्रत्याशी बनाया गया है। मुझे पूरा उम्मीद है कि आम जनता का इन्हें आशीर्वाद मिलेगा। सरगुजा में 20 साल से कांग्रेस को मौका नहीं मिला है, शशि लोकसभा तक पहुंच सरगुजा की आवाज वहां तक पहुंचाएंगी। अब तक जो सरगुजा के सांसद रहे इस क्षेत्र के लिए कुछ नहीं किया, शशि सरगुजा के विकास के लिए हमेशा कार्य करेंगी। 

प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालकृष्ण पाठक, अजय अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता, प्रवक्ता आशीष वर्मा, बलरामपुर रामानुजगंज के जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी सहित अन्य मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news