महासमुन्द

अनिता रावटे का कांग्रेस और राज्य महिला आयोग सदस्य पद से इस्तीफा
03-Apr-2024 3:09 PM
अनिता रावटे का कांग्रेस और राज्य महिला आयोग सदस्य पद से इस्तीफा

भाजपा प्रवेश पर कहा-समय सब बता देगा, फिलहाल कुछ भी नहीं है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 अप्रैल। मंगलवार दोपहर को कांग्रेस की कद्दावर नेत्री अनिता जी रावटे ने कांग्रेस पार्टी और राज्य महिला आयोग सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया हैै।

अनिता रावटे महासमुंद नगरपालिका की पहली अध्यक्ष रही हैं। उन्होंने आजीवन कांग्रेस पार्टी के लिए काम किया है। उनके इस्तीफे की खबर सुनते ही सबसे पहले उन्होंने ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता से मुलाकात की।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि काफी दिनों से कांग्रेस में पूछपरख कम कर दी गई थी। पूछपरख अलग बात है लेकिन किसी भी कार्यक्रम में सम्मान से बुला लेना भी कांग्रेस के लोगों को उचित नहीं लग रहा था।

एक सवाल कि क्या आप भी भाजपा में प्रवेश करेंगी? इस पर उन्होंने कहा-समय सब बता देगा। फिलहाल कुछ भी नहीं है। 

अनिता जी रावटे के इस जवाब से पहले ही शहर में उनके भाजपा प्रवेश की सुगबुगाहट है। चौक-चौराहे पर लोग यहां तक कह रहे हैं कि अनिता जी रावटे बुधवार 3 अप्रैल को भाजपा की नामांकन रैली से पहले की सभा में भाजपा प्रवेश कर सकती हैं।

कांग्रेस से इस्तीफे बाबत एक पत्र‘छत्तीसगढ़’को मिला है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष के नाम अपनी बातें लिखा है-माननीय, मैं डॉ. अनिता जार्ज रावटे, वर्ष 1994 से कांग्रेस पार्टी की सक्रिय, निष्ठावान और समर्पित सदस्य रही हूं। वर्ष 1995 से 2000 तक अध्यक्ष नगर पालिका परिषद महासमुंद रहने के साथ ही साथ आज दिनांक तक कांग्रेस संगठन के जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने के लिए निरन्तर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से मेहनत करती रही हूं।

प्रदेश महिला कांग्रेस में मेरे अध्यक्षीय कार्यकाल में लगातार संघर्ष के फलस्वरूप 15 वर्षों की भाजपा सरकार को हराकर, प्रदेश में 50 प्रतिशत से ज्यादा महिलाओं के वोटों से कांग्रेस पार्टी को जीत मिली। कार्यकर्ताओं के संगठित होकर कार्य करने से ही पूर्ण बहुमत के साथ यह जीत हासिल हुई। इस तत्थ को पार्टी ने एक सिरे से नकार दिया। विगत विधानसभा और वर्तमान लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी चयन में भी यह स्पष्ट कर दिया कि संगठन में अनुशासन और सहभागिता का स्थान व्यक्तिगत पंसद व नापसंद ने ले लिया है। इसी तरह उन्होंने महिला राज्य आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक को सदस्य पद से इस्तीफा बाबत एक पत्र भेजा है। दोनों ही जगहों पर उन्होंने अपना इस्तीफा मंजूर करने की अपील की है।

मालूम हो कि श्रीमती रावटे राजनीतिक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखती हैं। 1994 से कांग्रेस पार्टी संगठन से जुड़ी हुई श्रीमती रावटे महासमुंद नगर पालिका की अध्यक्ष बनीं। वे प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रहीं। इसके बाद वे राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की महासचिव नियुक्त हुईं। वर्तमान में वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में कार्य कर रही थीं। 

श्रीमती रावटे को 1990 से लोक कल्याण, बालिका एवं महिला सशक्तिकरण, विशेषकर ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉक्टर की मानद उपाधि दी गई है। कहा जाता है कि उन्होंने पच्चीस हजार से अधिक महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने में मुख्य भूमिका निभाई है। वे वर्तमान में भारतीय रेड क्रास सोसायटी की जिला सभापति, राज्य सहकारी अर्बन बैंक फेडरेशन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राज्य स्काउट गाईड संघ की उपाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक अपेक्स की राज्य प्रतिनिधि, महिला सहकारी बैंक महासमुंद की संस्थापक एवं संचालक, अनेक शैक्षणिक संस्थाओं की संस्थापक संचालक, प्रयास नि:शक्त जन कार्यक्रम एवं विरासत वृद्धजन बहुउद्देश्यीय केन्द्र की संस्थापक, ग्रामीण जीवन कार्यक्रम की निर्देशक, धनश्री महिला सहकारी सोसायटी की अध्यक्ष, जैविक खाद व बीज उत्पादक समिति की संरक्षक एवं उड़ान महिला स्वसहायता समूह महासंघ की संरक्ष्क हैं। इस तरह उनके साथ एक बड़ा जन समुदाय जुड़ा हुआ है। ऐसे में ऐन लोकसभा चुनाव के वक्त यदि अनिता जी रावटे भाजपा प्रवेश करती हैं, तो उनके साथ तमाम लोगों के कांग्रेस एकबारगी बाहर जाने का अनुमान है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news