जशपुर

नगर के विकास के लिए नहीं होगी बजट की कमी- कृष्ण कुमार राय
03-Jul-2024 8:56 PM
नगर के विकास के लिए नहीं होगी बजट की कमी- कृष्ण कुमार राय

पालिका के कार्यवाहक अध्यक्ष राधेश्याम राम ने ली शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 3 जुलाई। नगर पालिका परिषद के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बुधवार को पालिका के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम राम ने शपथ ग्रहण किया।

इस अवसर पर जशपुर की विधायक रायमुनी भगत, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, छग पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय,भाजपा जिला अध्यक्ष सुनिल गुप्ता, नरेश नंदे, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, पालिका के उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता,विजय आदित्य सिंह जूदेव,शौय प्रताप सिंह जूदेव, पूर्व नपा अध्यक्ष रजनी प्रधान, जनपद पंचायत जशपुर के उपाध्यक्ष राजकपूर भगत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कृष्ण कुमार राय ने कहा कि नगरपालिका परिषद जशपुर,भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का विशेष लगाव है। परिषद के चुनाव में अब तक पार्टी अजेय रही है। इसलिए नगर के विकास की जिम्मेदारी भी हमारी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार,जशपुर के विकास के लिए बजट की कमी नहीं होने देगी। बीते दिनों नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव से विधायक रायमुनि भगत के साथ मुलाकात हुई थी। इस दौरान नगर के विकास कार्यों पर उन्होंने बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

जिला भाजपा अध्यक्ष सुनिल गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने गरीब किसान के बेटे को नगर पालिका परिषद का नेतृत्व करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी नेतृत्व को सशक्त करने में विश्वास करती है।

जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने नगरपालिका के कार्यवाहक अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा कि नगरीय निकाय चुनाव को अभी चार माह शेष है। इस बीच नगर के विकास के लिए तेजी से काम करना है।

उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए सरकार साढ़े 9 करोड़ रूपये उपलब्ध करा चुकी है। इसके अलावा बस स्टैण्ड, बाल उद्यान के उन्यन, मुक्तिधान के उन्नयन जैसे कार्यों के लिए 20 करोड़ का प्रस्ताव शासन के पास भेजा गया है। इन प्रस्तावों को भी एक माह के अंदर स्वीकृति मिलने की संभावना है।  विधायक ने कहा कि हम सबस मिल कर जशपुर को स्वच्छ,सुंदर और विकसीत जशपुर बनाएंगें। इसके लिए आवश्यक है कि हम सब अपने अपने दायित्वों का अच्छे से निर्वाहन करें।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह,सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय सहित भाजपा के पार्षद,कार्यकर्ता और पालिका के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news