महासमुन्द

इस साल 74 लाख क्विंटल खरीदी अनुमानित, उठाव को लेकर भी लगातार प्रयास जारी
20-Jan-2021 3:46 PM
इस साल 74 लाख क्विंटल खरीदी अनुमानित, उठाव को लेकर भी लगातार प्रयास जारी

जाम की स्थिति किसी भी समिति में नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 20 जनवरी।
समर्थन मूल्य पर हो रही धान खरीदी 7 दिन और चलेगी। क्योंकि धान खरीदी की तिथि बढ़ाने के लिए अभी तक कोई दिशा.निर्देश नहीं आया है। जिले में 13 हजार 869 किसान ऐसे हैं जिनसे करीब 15 लाख क्विंटल धान की खरीदी आने वाले सात दिनों में की जानी है। मतलब ये कि खरीदी के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अगले सात दिनों में जिले में रोजाना 2.14 लाख क्विंटल धान की खरीदी करनी होगी। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान समय में 138 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से एक लाख 26 हजार 131 किसान से 58 लाख 51 हजार धान की खरीदी हो चुकी है। ज्ञात हो कि जिले में 138 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान की खरीदी की जा रही है। जिले में इस साल समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए 1 लाख 40 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जिसका रकबा 2 लाख 46 हजार हेक्टेयर है। इस वर्ष रकबा घटा है, लेकिन किसानों की संख्या बढ़ी है। रकबा के हिसाब से इस बार 74 लाख क्विंटल धान की खरीदी का लक्ष्य है। जिले में एक दिसम्बर से धान खरीदी की शुरुआत हुई है। अभी तक 88.67 प्रतिशत पंजीकृत किसान अपना धान का विक्रय कर चुके हैं। खाद्य अधिकारी नितिश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि इस साल 74 लाख क्विंटल खरीदी अनुमानित है। पिछले वर्ष 72 लाख की खरीदी हुई थी। उठाव को लेकर भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जाम की स्थिति किसी भी समिति में नहीं है।

धान खरीदी के लिए अब सात दिन ही शेष रह गए हैं। जिले के करीब 13 हजार 869 किसान ऐसे हैं जो अभी तक धान बेच नहीं पाए हैं। इन किसानों को 31 जनवरी तक धान उपार्जन केंद्र में बेचना होगा। 
महीने को समाप्त होने के लिए 12 दिन ही शेष रह गए है। इनमें शनिवार, रविवार एवं गणतंत्र दिवस का अवकाश भी है। इसलिए सात दिन ही खरीदी होगी। खाद्य अधिकारी का कहना है कि समय रहते सभी किसानों से धान की खरीदी पूरी कर ली जाएगी। उपार्जन केंद्रों में 35 लाख क्विंटल धान पड़ा हुआ है। अभी तक मिलर्स व संग्रहण केंद्र के लिए 25 लाख क्विंटल धान का उठाव हो चुका है। अधिकारियों की मानें तो जाम की स्थिति कहीं नहीं है, लेकिन 20 से 22 समिति ऐसे हैं, जहां क्षमता से अधिक धान रखा हुआ है। बताया जा रहा है कि वर्तमान में सॉफ्टवेयर में लगातार समस्या बनी हुई है।

एफसीआई में इस बार 10 लाख क्विंटल उसना चावल जमा करने का लक्ष्य मिला है। जिले के 37 उसना मिलर्स को मिलिंग के लिए अनुमति मिल गई है, जो मिलिंग कर एफसीआई में चावल जमा कर रहे हैं। 8 हजार क्विंटल चावल एफसीआई में जमा हो गया है। यह आकड़ा छग राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित की वेबसाइट से मिली है। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news