सरगुजा
![भाजपा के समय स्वीकृत हुए काम को अपना बता वाहवाही लूट रहे हैं कांग्रेसी-अनिल दुबे भाजपा के समय स्वीकृत हुए काम को अपना बता वाहवाही लूट रहे हैं कांग्रेसी-अनिल दुबे](https://dailychhattisgarh.com/2020/chhattisgarh_article/16125364721.jpg)
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 5 फरवरी। भाजपा शासन के कार्यकाल के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में भीमराव अम्बेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन की हुई स्वीकृति संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल दुबे ने कांग्रेसियों द्वारा वाहवाही लेने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन स्वीकृति प्राप्त हुआ है जिसे लेकर कांग्रेस के पदाधिकारी, संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज का सौजन्य बताते हुए वाहवाही लूट कर बधाई दे रहे हैं, जबकि अभी जो टेंडर निकला है, वह मंगल भवन की स्वीकृति भाजपा शासनकाल में रमन सिंह के द्वारा स्वीकृत कर उसके लिए राशि भी स्वीकृत किया गया था।
डॉ. बी आर अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन निर्माण कार्य खसरा नंबर 682 / 7 रकबा 0.4 88हेक्टेयर में अधीक्षण अभियंता नगरीय प्रशासन एवं विकास क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर के तकनीकी स्वीकृति क्रमांक 1361 दिनांक 30 अक्टूबर 2017 को तकनीकी स्वीकृति प्राप्त हुई थी तथा तथा पुन: दिनांक 28 सितम्बर 2019 को प्रशासकीय स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त के रूप में 37.08 लाख प्राप्त हो चुका है। इस प्रकार भाजपा सरकार के द्वारा स्वीकृत कार्य को कांग्रेस सरकार के द्वारा स्वीकृत किया जाना बता कर नगरवासियों को गुमराह किया जा रहा है और अपना पीठ अपने से ठोकने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकार झूठी वाहवाही लूट कर नगर के जनता को भ्रमित कर भाजपा के कार्यकाल में स्वीकृत कार्य को अपना बताना बेहद निंदनीय है। भारतीय जनता पार्टी मंडल राजपुर इस कृत्य का कड़ा विरोध करता है।