सरगुजा

छत्तीसगढ़ सरकार के धान खरीदी में केंद्र का रोक लगाना दुर्भाग्य जनक-भूपेश
12-Feb-2021 8:07 PM
छत्तीसगढ़ सरकार के धान खरीदी में केंद्र का रोक लगाना दुर्भाग्य जनक-भूपेश

  मैनपाट महोत्सव का सीएम ने किया शुभारंभ, कई अन्य मांगों को मिली हरी झंडी  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 12 फरवरी। सरगुजा जिला के मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया। दीप प्रज्वलन उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार छत्तीसगढ़ के धान खरीदी में रोक लगा रही है, जो दुर्भाग्य जनक है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि वह एक मीटिंग भारत सरकार के खाद्य मंत्री से कर चुके हैं। दूसरी मीटिंग के लिए मैंने सूचना भिजवा दी है फिर भी बात नहीं बनी तो प्रधानमंत्री से मिलेंगे उसके बाद भी नहीं माने तो जनता के बीच आएंगे और दिल्ली के सिंधु बॉर्डर जैसा कदम उठाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह नहीं चाहते कि ऐसा कदम उठाना पड़े लेकिन केंद्र सरकार ऐसा करने पर उन्हें मजबूर कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ राज्य का चावल नहीं खरीद रही है। केंद्र का कहना है कि वह राजीव गांधी किसान नया योजना के तहत बोनस दे रहे हैं इसीलिए हम चावल नहीं खरीदेंगे जबकि दूसरे राज्यों में वहां के मुख्यमंत्री अलग-अलग योजना के तहत वह खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के खातों में पैसा डाल रहे हैं लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार राजीव गांधी न्याय योजना के तहत किसानों को बोनस दे रही है तो उसे केंद्र को आपत्ति है मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर भारत सरकार चावल नहीं लेगा तो अगले साल धान खरीदी मुश्किल होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष गत 20 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 93 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। रमन सिंह सरकार के समय किसानों को 10 हजार करोड़ का भुगतान हुआ था, हमने इस बार 17 हजार करोड़ से अधिक का भुगतान किया है। राजीव गांधी न्याय योजना के तहत किसानों को तीन किस्त दे चुके हैं चौथा किस्त मार्च के पहले खाते में पहुंच जाएगा।

महोत्सव शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि वह जब पिछले बार आए थे तो वर्मी कंपोस्ट बनाने वाले महिला समूह की महिलाओं ने हैदराबाद की कंपनी के साथ एमयू किया था, आज जब वह मैनपाट आए हैं तो मैनपाट में टाऊ से आटा बनाने मध्यप्रदेश की एक कंपनी के साथ महिलाओं ने एमयू किया है। महिलाओं के चेहरे में जो आत्मविश्वास दिख रहा है उसका कोई मोल नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की आर्थिक स्थिति सुधारने में गौठानों का भरपूर उपयोग हो रहा है। यहां मशरूम की खेती, कडक़नाथ व अन्य उत्पादन से लोग अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम कैसे लोगों की आमदनी बढ़ाएं इसकी कोशिश में लगे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैनपाट महोत्सव हर साल मनाया जाता है व यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं,इसका यहां के लोगों को इंतजार रहता है। सरगुजा की परंपरा व संस्कृति अनोखा है।यहां का करमा नृत्य कौन नहीं जानता। सरगुजिया, भोजपुरी, तिब्बती संस्कृति सबका यहां मिलाप दिखाई देता है। मैनपाट महोत्सव का मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया उसके बाद स्थानीय व बाहर से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देते हुए कार्यक्रम को रंगारंग बनाया।

51 दंपत्तियों को सीएम ने दिया आशीर्वाद

मैनपाट महोत्सव के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित 51 नव दंपतियों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित वहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपना आशीर्वाद दिया।वर-वधु को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नव दंपत्ति नए जीवन में प्रवेश कर रहे हैं माता-पिता पूर्वजों का आशीर्वाद तो उन्हें मिलता ही है यहां हजारों लोगों का आशीर्वाद भी इस मंच के माध्यम से मिल रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शादी बहुत ही खर्चीला हो गया है घर में शादी करेंगे तो 100 लोग बाराती आएंगे यहां एक-एक जोड़ा कह सकता है कि मेरे शादी में मुख्यमंत्री के साथ हजारों लोग आए थे,जो दूसरा नहीं कह सकता।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खाद्य मंत्री अमरजीत भगत की मांग पर मैनपाट में स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। इसके साथ-साथ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय अमरकंटक का अध्ययन व शोध केंद्र की स्थापना मैनपाट में किए जाने की भी घोषणा उन्होंने मंच से की। इसके लिए मैनपाट में 85 हेक्टेयर जमीन भी आरक्षित कर ली गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मैनपाट के पहुंच विहीन क्षेत्र केनापारा, घोघरा, सलयाडीह, करदना,कदनई,समनिया गांव के लिए सडक़ निर्माण,पीजी कॉलेज अंबिकापुर में ऑडिटोरियम व भवन निर्माण के साथ-साथ पुलिस महिला के लिए अंबिकापुर में मेस निर्माण की स्वीकृति दी है।

मैनपाट महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सरगुजा के प्रभारी मंत्री डॉ. शिव डहरिया,शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह, खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत सहित अन्य मंत्रियों ने भी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर श्रम कल्याण मंडल बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद,अंबिकापुर महापौर डॉ अजय तिर्की, जिपं अध्यक्ष मधु सिंह,द्वितेंद्र मिश्रा, दीपक मिश्रा,सरगुजा कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर संजीव कुमार झा जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news