रायपुर

साढ़े 20 लाख से अधिक किसानों ने बेचा समर्थन मूल्य पर धान
25-Feb-2021 6:20 PM
  साढ़े 20 लाख से अधिक किसानों ने बेचा समर्थन मूल्य पर धान

अंतर राशि पर फिलहाल निर्णय नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 फरवरी। प्रदेश में 2020-21 में समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए 21 लाख 52 हजार 986 किसानों का पंजीयन हुआ है। इसमें से 20 लाख 53 हजार 482 किसानों ने 31 जनवरी 2021 तक अपने धान का विक्रय किया। यह जानकारी खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर ने प्रश्नकाल में यह जानना चाहा कि खरीफ वर्ष 2020-21में 31 जनवरी धान खरीदी के लिए कुल कितने किसानों का पंजीयन हुआ है, और इसमें से कितने किसानों ने अपने धान की बिक्री की है? कितने पंजीकृत किसान धान बेचने से वंचित रह गए? उन्होंने धान बिक्री से जुड़े सवालों के साथ यह भी जानना चाहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत अंतर की राशि कब दी जाएगी?

इसके जवाब में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने बताया कि प्रदेश में 2020-21 में समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए 21 लाख 52 हजार 986 किसानों का पंजीयन हुआ है। इसमें से 20 लाख 53 हजार 482 किसानों ने 31 जनवरी 2021 तक अपने धान का विक्रय किया। 99 हजार 504 किसानों ने धान की बिक्री नहीं की है। उन्होंने बताया कि 2020-21 में  समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदे गए धान की कुल राशि 17 हजार 237. 3 करोड़ रूपए है। 31 जनवरी 2021 की स्थिति में 19.77 लाख किसानों को 16238.3 करोड़रूपए का भुगतान किया जा चुका है।

खाद्यमंत्री भगत ने सवालों के जवाब में यह भी बताया कि 11 फरवरी 2020 की स्थिति में 20.49 लाख किसानों को 17194.7 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है तथा 3979 किसानों को 43.23 करोड़ रूपए का भुगतान बाकी हैं। बैंक खाता नंबर या आईएफएससी कोड गलत होने, बैंक खाता निष्क्रिय होने जैसी तकनीकी समस्याओं के कारण भुगतान नहीं हो पाया है। इन समस्याओं को दूर कर भुगतान कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी न्याय योजना के तहत अंतर राशि भुगतान के संबंध में फिलहाल राज्य शासन द्वारा निर्णय नहीं लिया गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news