महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 5 मार्च। सरायपाली क्षेत्रांतर्गत सोने का गुम्बद बेचने के नाम पर 5 लाख 70 हजार रुपए की ठगी की गई है। पीतल का गुम्बद देकर आरोपी फरार हो गये थे। बताया जा रहा है कि तेजाब डालने व घीसने से गुम्बद का वास्तविक रंग सामने आया।
आरोपियों के खिलाफ अपराध क्र. 85-21, धारा 420,34 भादवि का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है। घटनाक्रम अनुसार प्रार्थी दीपक कुमार खर्रा पिता भुरूराम खर्रा निवासी वार्ड 07 मस्जिद रोड सक्ती-जांजगीर चाम्पा फेरी लगाकर बर्तन बेचने का कार्य करता है। दिनांक 14 जुलाई 2020 को उन्होंने जीतू सूर्यवंशी और चैतन लसार निवासी जांजगीर से सोने का गुम्बद खरीदा था। दोनों आरोपी सरायपाली क्षेत्र में गुम्बद बचने आए थे। गुम्बज के एवज में प्रार्थी ने आरोपियों को 5 लाख 70 हजार रुपए दिए थे। आरोपियों ने प्रार्थी को सोना का आवरण चढ़ा हुआ गुम्बद देकर ठगी किया और चले गए।
हाल ही में एक हफ्ते पहले दीपक खर्रा ने गुम्बद में तेजाब डालकर और घीसकर उसकी सफाई की तो गुम्बद पीतल का निकला। उसके इसकी सूचना पुलिस को दी। जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुये थाना सरायपाली की टीम ने आरोपी के निवास स्थल जांजगीर चाम्पा में दबिश देकर दोनों आरोपी जीतू सूर्यवंशी और चैतन लसौर साकिन चाम्पा को गिरफ्तार किया है।