महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मई। शुक्रवार की शाम अंधड़ के साथ हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से महासमुंद जोन में चार फीडर के 11 इंसुलेटर उड़ गए। इससे विद्युत विभाग को 30 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। इस घटना के बाद दो फीडरों में बिजली रातभर बंद रही। कर्मचारियों को रात में फाल्ट नहीं मिला। जिसके कारण रातभर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली कर्मचारियों ने शनिवार सुबह व्यवस्था को बहाल किया। तब जाकर क्षेत्र में बिजली आई और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वहीं शहर के केन ऑयल मिल क्षेत्र में भी रातभर बिजली बंद थी। सुबह क्षेत्र में भी सुबह विद्युत व्यवस्था बहाल हुई। बारिश के बाद उमस बढ़ गई थी।
ज्ञात हो कि इस बार समर सीजन में विद्युत विभाग की ओर से मेंटेनेंस का काम नहीं हुआ है। जनवरी व फरवरी में मेंटेनेंस का काम विद्युत विभाग को कराना था। मेंटेनेंस नहीं होने के कारण अब बारिश व तेज हवाओं से होने वाले फाल्ट को ढूंढने में परेशानी हो रही है। इधर महासमुंद जोन के ईई तेजराम धीवर ने बताया कि शुक्रवार को तेज गर्जन के साथ बारिश हुई है। कई जगह गाज गिरे हैं। इससे 11 इंसुलेटर उड़ गए थे। देर रात तक दो फीडर के विद्युत व्यवस्था को बहाल कर दिया गया था। शेष दो फीडर शनिवार सुबह चालू किया गया। केन ऑयल मिल व खट्टी से आमाकोनी तक रातभर बिजली बाधित रही।
शुक्रवार को हुए तेज बारिश व गर्जना से तुमगांव फीडर के सिरपुर क्षेत्र में दो इंसुलेटर, बागबाहरा फीडर में 4, राजिम फीडर, ग्राम खट्टी से आमाकोनी तक 3 एवं शहर केन ऑयल मिल फीडर में 2 इंसुलेटर उड़ गए थे। देर रात तक सिरपुर व बागबाहरा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था बहाल कर दी गई थी। वहीं राजिम व केन ऑयल मिल का फीडर सुबह तक बंद था। जिसे शनिवार को सुधार किया गया। रात में सुधार नहीं होने से केन ऑयल मिल व खट्टी से आमाकोनी तक बिजली बंद थी।