सरगुजा

सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक, मंदिरों में लंबी कतार
26-Jul-2021 8:54 PM
 सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक, मंदिरों में लंबी कतार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 जुलाई। सावन के पहले सोमवार पर मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह ही लोग मंदिरों में जलाभिषेक के लिए उमड़े। भोलेनाथ के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा। लोगों ने बेलपत्रों और भांग-धतूरे आदि से महादेव का अभिषेक किया। भोलेनाथ के सामने अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए प्रार्थना की। 

 शहर सहित संभागभर में सावन का पहला सोमवार आस्था के साथ मनाया गया। महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उपवास रख भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिरों में हर-हर महादेव की गूंज बनी रही। भगवान शिव का धार्मिक अनुष्ठान के बीच जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई। वहीं श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से अपने परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवार की सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमडऩे लगी थी।

युवक-युवतियां, महिला-पुरुष के अलावा बच्चों ने भी भगवान शिव की आराधना की। शहर के शंकरघाट, पुलिस लाइन स्थित गौरी मंदिर, नगर निगम शिव मंदिर, गांधीनगर, मणिपुर स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर, सांडबार शिव मंदिर, जोड़ा पीपल, व शहर के अन्य शिव मंदिरों सहित देवगढ़ धाम, शिवपुर में दिनभर हर-हर महादेव की गूंज होती रही। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। नगर के शंकर घाट स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की इतनी भीड़ थी कि लंबी कतार देखने को मिली।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news