सरगुजा

सिंहदेव पर बृहस्पति के बयान पर गरमाई राजनीति
26-Jul-2021 8:59 PM
सिंहदेव पर बृहस्पति के बयान पर गरमाई राजनीति

   शफी, बालकृष्ण, अजय सहित कई दिग्गजों ने सोनिया को पत्र लिखकर की निष्कासन की मांग    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 26 जुलाई। रामानुजगंज विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बृहस्पति सिंह द्वारा स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंह देव पर हत्या करवाने का बयान देने पर अविभाजित सरगुजा में राजनीति गरमा गई है। कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद, राज्य वन औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर व सरगुजा जिला के सैकड़ों जनप्रतिनिधियों ने आक्रोश जताया है और बृहस्पति सिंह पर निलंबन की कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखा है।

मंत्री सिंहदेव पर बृहस्पति सिंह के बयानबाजी का पूरे अविभाजित सरगुजा के जनप्रतिनिधियों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इस बयान की निंदा की है। सरगुजा, बलरामपुर एवं सूरजपुर के हर ब्लॉक अध्यक्ष, जनपद एवं जिला पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका एवं नगर निगम सभी जगह कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के लोगों ने सोनिया गांधी को पत्र लिख कर बृहस्पति सिंह पर कठोर कार्रवाई करते हुए पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है।

ऐसे परिवार पर आरोप जो आजादी के पहले से लेकर आज तक कांग्रेस के लिए समर्पित, झूठे बयान पर हो कार्रवाई-

श्रम कल्याण मंडल बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद, राज्य वन औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समीक्षा समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि कैबिनेट मंत्री टीएस सिंह देव पर बृहस्पति सिंह द्वारा तथ्यहीन, आधारहीन आरोप लगाया गया है, जिसे सरगुजा सहित पूरे प्रदेश की जनता भली-भांति समझ रही है। ऐसे व्यक्ति के बारे में आरोप बृहस्पति सिंह ने लगाया है जिनका पूरा परिवार देश की आजादी के पहले से लेकर आज तक कांग्रेस के लिए समर्पित रहा है। ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध आरोप लगाना कांग्रेस को कमजोर करने जैसा है। सार्वजनिक रूप से बयान बाजी कर झूठा आरोप लगाना पार्टी के अनुशासन के विरुद्ध है। सरगुजा राजपरिवार से हमारा पीढिय़ों से नाता रहा है, ये परिवार हमेशा से सौम्य, ईमानदार एवं लोगों को प्यार और प्रेम देने वाला है। इस तरह का बिना किसी तथ्य के गंभीर आरोप लगाकर बृहस्पति सिंह टीएस सिंहदेव के खिलाफ कोई षडय़ंत्र रच रहे हैं।

सोनिया गांधी को लिखे पत्र में मांग की है कि कांग्रेस की मजबूती एवं कार्यकर्ताओं की भावना के अनुरूप अनुशासनहीनता के विरुद्ध विधायक बृहस्पति सिंह पर निष्कासित करने की मांग की गई है।

सूरजपुर जिला के प्रतापपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुमार सिंह देव, युवा कांग्रेस सरगुजा के जिला अध्यक्ष अजय सिंह, सूरजपुर जिला अध्यक्ष जफर हैदर, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हिमांशु जायसवाल, एनएसयूआई प्रदेश सचिव आतिफ राजा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विकल झा,भटगांव नगर पंचायत अध्यक्ष सूरज गुप्ता, सूरजपुर जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा है कि विधायक बृहस्पति सिंह स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंह देव पर जो बयान दिया है, उससे कांग्रेस परिवार और पार्टी की गरिमा धूमिल हो रही है और हम सभी अपमानित महसूस कर रहे हैं। टीएस सिंहदेव जैसे सहज सरल और आत्मीय व्यक्तित्व के ऊपर ऐसे गंभीर आरोप लगाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई एवं निष्कासित किया जाना सही होगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news