सरगुजा

बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
29-Jul-2021 8:37 PM
  बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

   भाजपा नगर मंडल की प्रथम कार्यसमिति बैठक   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 29 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी अंबिकापुर नगर मंडल की प्रथम कार्यसमिति बैठक स्थानीय भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में अंबिकापुर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला की अध्यक्षता एवं भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि अंबिकापुर नगर मंडल की नवगठित कार्यकारिणी में नगर के सभी क्षेत्रों के ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को जोडक़र मंडल अध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला ने योग्य टीम का निर्माण किया है, जो कि आगामी दिनों में संगठन के समस्त कार्यों का प्रतिपादन करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का कार्य करेगी। नगर भाजपा की यह टीम निश्चित रूप से आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव सहित समस्त चुनाव में पूरी ताकत के साथ काम करके जीत दिलाने में अपनी महती भूमिका निभाएगी।

वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर अनिल सिंह ने कहा कि नगर भाजपा के कार्यकर्ताओं के कंधे पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, इन्हें सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं को एकजुट रखकर नगर के सभी बूथों को सशक्त बनाना है. इनके माध्यम से संगठन और भी मजबूत होगा। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में चल रही केंद्र की सरकार की सभी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम नगर भाजपा की टीम को करना है।

भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश में भूपेश बघेल सरकार के द्वारा अराजकता, भ्रष्टाचार और भय का वातावरण बना रही है। प्रदेश की भोली भाली जनता को इस कांग्रेस की सरकार ने धोखा देकर छला है। अंबिकापुर नगर मंडल के कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि नगर के सभी बूथ केंद्रों तक जाकर एक जन जागरण चलाया जाए, जिससे कांग्रेस का यह चरित्र सबके सामने आ सके।

मधुसूदन शुक्ला ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि भाजपा के समस्त वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में नगर मंडल की टीम काम कर रही है। नगर पालिक निगम अंबिकापुर सहित छत्तीसगढ़ प्रदेश में सत्तासीन कांग्रेस की सरकार ने अपने वादों से मुकरते हुए प्रदेश के सभी वर्गों चाहे वह युवा हो महिला हो बुजुर्ग हो व्यापारी हो किसान हो, इन सभी वर्गों के साथ धोखा किया है। भय, भ्रष्टाचार और अराजकता के बनाए हुए इनके कीचड़ में आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर अपनी सक्रियता और मेहनत दम पर प्रदेश में कमल का फूल खिलाएगा।

बैठक को नगर निगम के पूर्व सभापति त्रिलोक कपूर कुशवाहा भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत शंकर त्रिपाठी, अंबिकेश केसरी,  मंजूषा भगत विद्यानंद मिश्रा व आलोक दुबे ने भी संबोधित किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news