राजनांदगांव

देखें VIDEO : मतदाताओं को रिझाने बड़े पैमाने पर प्रेशर कुकर पकड़ाई
20-Dec-2021 12:45 PM
देखें VIDEO : मतदाताओं को रिझाने बड़े पैमाने पर प्रेशर कुकर पकड़ाई

भाजपा ने लगाए आरोप, कांग्रेस ने किया खारिज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 दिसंबर।
राजनांदगांव के नए बस स्टैंड स्थित नगर निगम के एक दुकान में प्रेशर कुकर की एक खेप बरामद होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हल्के में खलबली मच गई। भाजपा का सीधा आरोप है कि वार्ड नं. 17 के उपचुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए प्रेशर कुकर दुकान में डंप करके रखा गया है। मतदान के बाद कथित रूप से कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने के एवज में प्रेशर कुकर बांटने की तैयारी थी। इससे पहले भाजपा नेताओं ने दुकान को घेरकर प्रशासन को खबर दी। तहसीलदार सनत विश्वास मौके पर पहुंचे। वहीं कोतवाली थाना प्रभारी अलेक्जेंडर किरो भी सूचना के बाद पहुंचे। दुकान से करीब आधा दर्जन कार्टून में प्रेशर कुकर मिले हैं। एक जानकारी के मुताबिक 40 से 50 प्रेशर कुकर दुकान से बरामद किया गया है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच शुरू नहीं हुई है। भाजपा के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने कांग्रेस पर आरोप लगाते कहा कि वोट डालने के बाद प्रेशर कुकर बांटने के इरादे से दुकान में डंप किया गया है।

नेता प्रतिपक्ष ने पूरे चुनाव में कांग्रेस के करतूतों को लेकर आपत्ति जताते कहा कि आदर्श आचार संहिता का सत्तारूढ़ दल मखौल उड़ा रही है। ऐसे में निष्पक्ष चुनाव की स्थिति नहीं है। नेता प्रतिपक्ष ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से चुनाव निरस्त करने की मांग की है। उधर भाजपा पार्षदों ने सार्वजनिक रूप से कुकर  होने की जानकारी दी। भाजपा पार्षदों ने तत्काल प्रशासन से दुकान को सील करने व दोषियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की।

वार्ड नं. 17 उपचुनाव के दौरान सत्तारूढ़ कांग्रेस पर लगातार भाजपा हमलावर है। सत्तारूढ़ दल के इशारे पर खुलेआम तोहफे और उपहार के रूप में सामान वितरित किए जाने पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा है। इस बीच शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि आरोपों में दम नहीं है। भाजपा हार के डर से लोगों में भ्रम फैलाने का काम कर रही है। नए बस स्टैंड के एक दुकान में प्रेशर कुकर मिलने की खबर पर पार्षद गगन आईच, कमल सोनी, राजेश यादव, प्रखर श्रीवास्तव समेत अन्य लोग शामिल थे।

कांग्रेस नेता हनी ग्रेवाल पर आरोप
प्रेशर कुकर डंप करने के मामले में कांग्रेस नेता हनी ग्रेवाल पर आरोप लगे हैं। उनके कर्मी ने बकायदा मीडिया के समक्ष प्रेशर कुकर की देखरेख करने की जानकारी दी है। कर्मी का कहना है कि कांग्रेस नेता हनी ग्रेवाल के कहने पर दुकान में रखे प्रेशर कुकर की वह निगरानी कर रहा था। बवाल मचने के बाद पुलिस ने कर्मी को पकड़ लिया है। प्रशासन की ओर से भाजपा के आरोपों को लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यहां यह बता दें कि ग्रेवाल नगर निगम अध्यक्ष हरिनारायण धकेता के करीबी माने जाते हैं। वहीं शहर कांग्रेस में वह पदाधिकारी भी हैं।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news