राजनांदगांव

शीतलहर से पठारी-मैदानी इलाका कपकपाया
20-Dec-2021 1:22 PM
शीतलहर से पठारी-मैदानी इलाका कपकपाया

 

गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा, दिन में भी सर्द हवाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 दिसंबर।
जिले में शीतलहर से लोग पस्त हो गए। पिछले 24 घंटे में लुढकते पारा से ठंड का व्यापक असर पड़ा है। जिले के पठारी और मैदानी इलाके कपकपा रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में शहर की तुलना में ठंड ने लोगों को हिला दिया है। दिन में भी सर्द हवाएं चलने से ठंड से लोग बेहाल होते दिख रहे हैं। आलम यह है कि सर्द हवाओं से शाम ढलते ही सडक़ों में भी आवाजाही सिमट रही है। जिले का मानपुर-मोहला और साल्हेवारा क्षेत्र शीतल लहर की चपेटे में है। लगातार तापमान के गिरने से जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है। देश के उत्तरी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं ने जिले में भी अपना असर दिखाया है। सर्दीली हवाओं के झोंको ने सूर्य के चुभते तेवर को भी नरम कर दिया है। नतीजतन दिन में सूर्य की किरणें लोगों को भा रही है।

इस बीच गर्म कपड़ों की दुकानों में भी लोग खरीदी करने पहुंचने लगे हैं। जिससे व्यापारियों ने भी अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी है। इधर ठंड बढऩे से व्यापारियों को भी व्यापार में बढ़ोत्तरी होने की संभावना बनी हुई है। शहर के गुरूनानक चौक और फ्लाई ओवर के नीचे गर्म कपड़ों की दुकानें सजी हुई है, जहां लोगों की उपस्थिति नजर आ रही है। इसके अलावा बाजार क्षेत्र के दुकानों में भी लोग खरीदी करने पहुंच रहे हैं। इधर निचली बस्तियों और घरों में लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की जुगत में है। ज्ञात हो कि नगर निगम द्वारा शीत ऋतु पर नगर के निर्धनों एवं श्रमिकजनों को कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए शहर के अलग-अलग स्थानों में अलाव जलाने की व्यवस्था की है। जिसके अंतर्गत ईमाम चौक,  पोस्ट ऑफिस चौक, रेल्वे स्टेशन एवं चिखली देशमुख होटल के पास अलाव जलाया जा रहा है।

उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड का असर भी राजनांदगांव जिले में देखने को मिल रहा है। शाम होते ही ठंड से बचने लोग घरों में दुबकने लगे हैं। रात का तापमान भी काफी तेजी से घट रहा है। सुबह मैदानी इलाकों में कोहारा नजर आने लगा है। जिससे लोग सुबह देर से सडक़ों पर नजर आने लगे हैं। कड़ाके की ठंड से बचने लोग तरह-तरह के उपाय ढूंढने लगे हैं। लोग ठंड से बचने स्वेटर, जैकेट, शाल, मफलर सहित अन्य गर्म कपड़ों का उपयोग कर रहे हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news