राजनांदगांव

देखें VIDEO'S : निगम की दुकानों में शराब और प्रेशर कुकर की खेप बरामद
20-Dec-2021 2:35 PM
देखें VIDEO'S : निगम की दुकानों में शराब और प्रेशर कुकर की खेप बरामद

 भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, प्रशासन से चुनाव निरस्त की मांग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 20 दिसंबर।
नए बस स्टैंड स्थित नगर निगम की एक दुकान से सोमवार को प्रेशर कुकर से भरे कार्टून मिलने के कुछ घंटों के भीतर अवैध शराब की खेप मिलने से काफी गहमा-गहमी की स्थिति बन गई। राजनीतिक और प्रशासनिक हल्के में इस अवैध सामानों की खेप मिलने से खलबली मच गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने 'छत्तीसगढ़Ó से अवैध सामानों की बरामदगी पर कहा कि शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मतदान के दिन सोमवार को भाजपा नेताओं ने दो बोरियों में रखे शराब के पौव्वे बरामद कर कांग्रेस पर हार के डर से लोगों को शराब का लालच देने का आरोप लगाया है। करीब दो बोरियों में भाजपा नेताओं ने 300 से 400 पौव्वा गोवा ब्रांड की शराब मिलने पर काफी हंगामा किया है। जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कांग्रेस की कारगुजारियों को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर कांग्रेस भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती, इसलिए मतदाताओं को शराब और अन्य सामग्रियों का प्रलोभन देकर चुनाव में जीत का ख्वाब बुन रही है। 

जिलाध्यक्ष यादव का दावा है कि कांग्रेस की यही करतूतें उसके खिलाफ जाएगी। भाजपा पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ चुनाव लड़ रही है। आम लोग भाजपा के पक्ष में मत देकर विजयी बनाने के लिए उत्सुक हैं। इस बीच शराब की पौव्वे मिलने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। सोमवार को इसी जगह एक और दुकान से प्रेशर कुकर की खेप भी मिली है। प्रशासन पर भाजपा नेताओं ने चुनाव को निरस्त करने का दबाव बनाया है। तहसीलदार से निष्पक्ष जांच करने की मांग करते हुए भाजपा नेताओं ने जमकर हंगामा किया। डंप शराब और प्रेशर कुकर को लेकर भाजपा का दावा है कि दोनों वस्तुओं को मतदाताओं को प्रलोभन देने के इरादे से रखा गया है। इसमें नगर निगम के अध्यक्ष हरिनारायण धकेता के करीबी माने जाने वाले  हनी ग्रेवाल पर सवालिया निशान लगा है।

इस बीच इसी काम्प्लेक्स में प्रेशर कुकर जब्त किए गए। भाजपा ने मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए प्रेशर कुकर वितरण करने के इरादे पर कांग्रेस को घेरा है। मतदान के बाद कथित रूप से कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने के एवज में प्रेशर कुकर बांटने की तैयारी थी। इससे पहले भाजपा नेताओं ने दुकान को घेरकर प्रशासन को खबर दी। तहसीलदार सनत विश्वास मौके पर पहुंचे। वहीं कोतवाली थाना प्रभारी अलेक्जेंडर किरो भी सूचना के बाद पहुंचे। दुकान से करीब आधा दर्जन कार्टून में प्रेशर कुकर मिले हैं। एक जानकारी के मुताबिक 40 से 50 प्रेशर कुकर दुकान से बरामद किया गया है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच शुरू नहीं हुई है। भाजपा के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने कांग्रेस पर आरोप लगाते कहा कि वोट डालने के बाद प्रेशर कुकर बांटने के इरादे से दुकान में डंप किया गया है।

नेता प्रतिपक्ष ने पूरे चुनाव में कांग्रेस के करतूतों को लेकर आपत्ति जताते कहा कि आदर्श आचार संहिता का सत्तारूढ़ दल मखौल उड़ा रही है। ऐसे में निष्पक्ष चुनाव की स्थिति नहीं है। नेता प्रतिपक्ष ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से चुनाव निरस्त करने की मांग की है। उधर भाजपा पार्षदों ने सार्वजनिक रूप से कुकर  होने की जानकारी दी। भाजपा पार्षदों ने तत्काल प्रशासन से दुकान को सील करने व दोषियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की। उधर शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि आरोपों में दम नहीं है। भाजपा हार के डर से लोगों में भ्रम फैलाने का काम कर रही है। नए बस स्टैंड के एक दुकान में प्रेशर कुकर मिलने की खबर पर पार्षद गगन आईच, कमल सोनी, राजेश यादव, प्रखर श्रीवास्तव समेत अन्य लोग शामिल थे।

कांग्रेस नेता हनी ग्रेवाल पर आरोप

प्रेशर कुकर डंप करने के मामले में कांग्रेस नेता हनी ग्रेवाल पर आरोप लगे हैं। उनके कर्मी ने बकायदा मीडिया के समक्ष प्रेशर कुकर की देखरेख करने की जानकारी दी है। कर्मी का कहना है कि कांग्रेस नेता हनी ग्रेवाल के कहने पर दुकान में रखे प्रेशर कुकर  की वह निगरानी कर रहा था। बवाल मचने के बाद पुलिस ने कर्मी को पकड़ लिया है। प्रशासन की ओर से भाजपा के आरोपों को लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यहां यह बता दें कि ग्रेवाल नगर निगम अध्यक्ष हरिनारायण धकेता के करीबी माने जाते हैं। वहीं शहर कांग्रेस में वह पदाधिकारी भी हैं।

 

 

]

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news