राजनांदगांव

दोपहर तक खैरागढ़ में 50 और नांदगांव के उपचुनाव में 40 फीसदी वोट
20-Dec-2021 4:02 PM
दोपहर तक खैरागढ़ में 50 और नांदगांव के उपचुनाव में 40 फीसदी वोट

दोनों जगह मामूली विवाद भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 दिसंबर।
जिले के खैरागढ़ नगर पालिका और राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 के उपचुनाव में सोमवार को मतदान के दौरान मामूली विवाद के बीच शांतिपूर्वक मतदान दोपहर तक जारी रहा। खैरागढ़ में दोपहर 3 बजे तक 50 और वार्ड उपचुनाव में 40 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार प्रयोग किया। ठंड की वजह से सुबह मतदान की रफ्तार कम रही। दोपहर 12 बजे के बाद मतदान केंद्रों में मतदाताओं की मौजूदगी बढ़ी। खैरागढ़ के 20 वार्डों के मतदाताओं ने राजनीतिक दलों के भविष्य पर बैलेट पेपर के जरिये मुहर लगाया। दोनों जगह पर तय समय पर सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। शहरी सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में दोपहर के बाद उत्साह रहा। सर्द मौसम के चलते उम्रदराज मतदाता देर से घर से निकले। वहीं युवा मतदाता भी 10 बजे तक मतदान केंद्रों में नजर आए। खैरागढ़ नगर पालिका और नांदगांव के वार्ड नं. 17 के उपचुनाव में कांग्रेस-भाजपा के बीच सीधी टक्कर है। दोनों राजनीतिक दल अपने जीत के दावे कर मतदान के लिए मतदाताओं से विनम्र निवेदन भी करते दिखे। मतदान केंद्रों के बाहर सभी प्रत्याशी मतदाताओं को आखिरी वक्त तक अपने पक्ष में मतदान करने के लिए गुजारिश करते नजर आए। इस बीच खैरागढ़ में 21 हजार मतदाताओं में लगभग 9 हजार से अधिक मत डाले गए हैं। दोपहर तक की स्थिति में खैरागढ़ में 50 प्रतिशत   मत पड़े। वहीं 4 हजार मतदाता वाले वार्ड नं.17 के उपचुनाव में 1700 से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां पर 40 प्रतिशत मत दोपहर तक पड़े। दोनों जगह के निकाय चुनाव में मामूली विवाद की खबरें है। पुलिस की तगड़ी सुरक्षा के कारण छिटपुट  विवादों को मौके पर ही निपटाए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा, एसपी डी. श्रवण तथा एएसपी प्रज्ञा मेश्राम समेत अन्य प्रशासनिक  पुलिस अधिकारियों की दोनों चुनाव में निगरानी रही। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक दोनों जगह चुनाव जारी रहा।

कलेक्टर ने मतदान केन्द्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने नगरीय निकाय आम एवं उप निर्वाचन के तहत नगर निगम राजनांदगांव के वार्ड क्रमांक 17 तुलसीपुर पार्षद चुनाव के लिए चल रहे मतदान का जायजा लेने ठाकुर प्यारेलाल उच्चतर माध्यमिक शाला राजनांदगांव मतदान केन्द्र पहुंचे। उन्होंने मतदान केन्द्र में पहुंचकर मतदान व्यवस्था का अवलोकन किया। ठाकुर प्यारेलाल उच्चतर माध्यमिक शाला राजनांदगांव परिसर में 5 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। कलेक्टर सिन्हा ने सभी केन्द्रों का बारी-बारी से निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों में मतदाता दलों के कर्मचारियों से चर्चा कर मतदान की स्थिति, मतदान कर चुके मतदाताओं की संख्या और मतदान प्रतिशत के बारे में जानकारी ली।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news