राजनांदगांव

सिर पर सेहरा लिए बारात छोड़ फरार हुआ दुल्हा
11-Feb-2022 12:23 PM
सिर पर सेहरा लिए बारात छोड़ फरार हुआ दुल्हा

 दुल्हन करती रही इंतजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 फरवरी।
अंबागढ़ चौकी इलाके के भनसुला में एक ऐसा मामला सामने आया है कि दुल्हे की हरकत से दुल्हन की फेरे लेने की ख्वाहिश धरी की धरी रह गई। पूरा मामला यह है कि भनसुला के 26 वर्षीय युवक टोमन सिन्हा का गैंदाटोला क्षेत्र की एक युवती के साथ वैवाहिक रिश्ता तय हुआ था। 9 फरवरी को तय समय के मुताबिक युवक को बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचना था। बारात की तैयारी में जुटे परिजन उस समय आवाक रह गए, जब दुल्हा एकाएक घर से गायब हो गया। काफी पतासाजी करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। आखिरकार परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका को लेकर अंबागढ़ पुलिस से मामले की शिकायत की।

पुलिस ने युवक के मोबाइल का लोकेशन ट्रेस कर उसकी पतासाजी की। पुलिस ने मोबाइल के जरिये युवक की राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन के नजदीक होने की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद उसे लेने के लिए परिजन पहुंचे, तब तक युवक फिर से लापता हो गया। उधर बारात के इंतजाम में बैठे दुल्हन पक्ष को मायूसी हाथ लगी। खासतौर पर दुल्हन की मनोदशा इससे खराब हो गई। परिजनों ने किसी तरह दुल्हन को सम्हाला। दूल्हे के नदारद होने की खबर गांव में तेजी से फैल गई। दुल्हन पक्ष के लोग दूल्हे के परिवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए अडिग हो गए। हालांकि दूल्हे के मामा ने समाज के कुछ लोगों के साथ दुल्हन पक्ष के समक्ष पूरी स्थिति पर सफाई दी।

इस संबंध में थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने लोकेशन के आधार पर उसके राजनांदगांव में मौजूदगी की जानकारी दी थी। फिलहाल परिजनों ने दोबारा पुलिस को घटना के संबंध में संपर्क नहीं किया है।
इधर दूल्हे के मामा ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि दो दिन से दूल्हा लापता है। पुलिस को जानकारी देने के लिए सभी संपर्क कर रहे हैं।  इस बीच दूल्हा के गायब होने के संबंध में परिजन अब तक सही जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। दुल्हन पक्ष ने सामाजिक बैठक कर मामले में न्याय की गुहार लगाई है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news