राजनांदगांव

भाजपा की छुईखदान नपं अध्यक्ष को हटाने पार्षद लामबंद
23-Feb-2022 12:04 PM
 भाजपा की छुईखदान नपं अध्यक्ष को हटाने पार्षद लामबंद

भाजपा के 9 में से 7 और कांग्रेस के 6 पार्षद हुए एकजुट
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी
। भाजपा की छुईखदान नगर पंचायत दीपाली जैन को अविश्वास प्रस्ताव के जरिये पद से हटाने की तैयारी चल रही है। भाजपा के बहुमत वाली इस नगर पंचायत में कांग्रेस के 6 और भाजपा के 9 पार्षद हैं।
दो साल पहले निकाय चुनाव में कांग्रेस को भाजपा ने मात दी थी। निकाय में अध्यक्ष  के तौर पर दीपाली जैन की ताजपोशी हुई थी। अध्यक्ष  नियुक्त होने के बाद से उनका विवादों से नाता रहा है।  उन पर नगर पंचायत सीएमओ को धमकाने का आरोप लगा था। इसके बाद अब अविश्वास प्रस्ताव लाकर पद से हटाने उनके ही पार्टी के पार्षद कांग्रेस के साथ मिल गए हैं।

मंगलवार को कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा से भाजपा के 7 और कांग्रेस के 6 पार्षदों ने संयुक्त रूप से अविश्वास प्रस्ताव के संबंध में ज्ञापन दिया है। नगर पंचायत के कामकाज में दीपाली जैन पर अपने रिश्तेदारों के बढ़ते दखल को लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगे हैं। भाजपा के 9 में से 7 पार्षद के सामने आने से कांग्रेस पार्षदों को उन्हें हटाने का बड़ा राजनीतिक अवसर मिल गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए समय देने का आग्रह किया है। मिली जानकारी के मुताबिक बहुमत में होने के बाद भी दीपाली जैन को पदच्युत करने भाजपा पार्षदों के कड़े रूख को लेकर संगठन ने सुध नहीं ली है।

इस संबंध में जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कहा कि इस मामले की वह जानकारी ले रहे हैं। उधर 'छत्तीसगढ़Ó से चर्चा करते नपं अध्यक्ष दीपाली जैन ने कहा कि फिलहाल वह बाहर हैं। इस संबंध में बाद में बात करेंगी। छुईखदान नगर पंचायत में हो रहे सियासी उठापटक को लेकर भाजपा के आला नेताओं ने भी चुप्पी साध ली है। ऐसे में अपने ही पार्टी के अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए अड़े भाजपा पार्षद पीछे हटने के मूड़ में नहींं हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news