रायपुर

विपक्ष के दो विधायकों पर ‘आप’ की नजर
31-Mar-2022 5:41 PM
विपक्ष के दो विधायकों पर ‘आप’ की नजर

भाजपा-कांग्रेस में नाराज, बड़े नेताओं से संपर्क में हैं सिसोदिया और राय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 मार्च। आम आदमी पार्टी ने अपने सदस्यता अभियान का अप्रैल अंत तक विस्तार किया है। अब पार्टी विपक्ष के उन नेताओं के संपर्क में हैं जो भाजपा, और कांग्रेस में नाराज या उपेक्षित हैं। ये लोग अपनी पार्टी को कितना नुकसान या आप को कितना फायदा पहुंचाएंगे यह तो भविष्य बताएगा, लेकिन आप का जनाधार अवश्य बढ़ता नजर आ रहा है।

हाल में मुंगली के डॉ. संदीप पाठक के राज्यसभा सांसद बनाए जाने का भी प्रदेश के नेताओं में प्रभाव बढ़ा है। खासकर जो साफ सुथरी राजनीति करना चाहते हैं डॉ. संदीप भी जल्द छत्तीसगढ़ आकर पार्टी के काम को आगे बढ़ा सकते हैं।

दिल्ली में लगातार दुसरी बार और पंजाब में अकाली दल, भाजपा, कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियों से सत्ता छिनने के बाद आप नेतृत्व नए राज्यों में पैठ बढ़ा रहा है। खासकर उन राज्यों में जहां भाजपा-कांग्रेस की सरकारें रही हैं। आप के नेता इन सरकारों की खामियां, और दो सरकारों की खुबियां और अपनी राजनीति के तौर तरीके बताकर लोगों को लुभा रहे हैं। इससे कांग्रेस, और भाजपा के पुराने नेता भी प्रभावित हो रहे हैं। हाल के सदस्यता अभियान में जशपुर, और आरंग में कांग्रेस के बड़े नेताओं को पार्टी में शामिल कराया है। परमानंद जांगड़े आरंग में खासा समर्थन रखते हैं। प्रदेश के भीतरी विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे नेताओं को शामिल होने के बाद आप नेतृत्व शहरी क्षेत्रों में भी विपक्ष के बड़े नेताओं के संपर्क में हैं। इनमें भाजपा-कांग्रेस, जोगी कांग्रेस, और बसपा के नेता शामिल हैं। आप नेतृत्व भाजपा-कांग्रेस के नाराज, और उपेक्षित नेताओं के संपर्क में है।

सूत्रों का कहना है कि प्रदेश के बड़े नामचीन नेताओं से दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और परिवहन मंत्री छत्तीसगढ़ के प्रभारी गोपाल राय फोन पर चर्चा कर रहे हैं। इन बड़े नेताओं में प्रतिपक्ष के दो वर्तमान विधायक भी शामिल हैं। इनमें से एक विधायक पहली बार के हैं, तो दूसरे तीसरी बार चुने गए हैं। ये नेता कब शामिल होंगे फिलहाल यह तय नहीं है, लेकिन भाजपा कांग्रेस में जाने से होने वाली दिक्कतों को देखते हुए इनका रूझान तेजी से आग की तरफ बढ़ रहा है। इन दो विधायक में से एक के पहले भाजपा में जाने की अटकलें थी दुसरे विधायक ने तो सीधे कांग्रेस में जाने की तैयारी कर ली थी। नई परिस्थितियों को देखते हुए ये दोनों आप में शामिल होकर 2023 के चुनाव भी लड़ सकते हैं। इसी तरह से प्रदेश के एक बड़े कर्मचारी नेता भी अपने रिटायरमेंट के बाद पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। उनका रिटायरमेंट जून में होना है।

10 को आ रहे संदीप पाठक

पंजाब से राज्यसभा सांसद, और छत्तीसगढ़ मूल के आप नेता डॉ. संदीप पाठक 10 अप्रैल को प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। वे यहां तीन से चार दिन गुजारेंगे। इस दौरान वे पार्टी की बैठक के साथ-साथ कुछ बड़े नेताओं को आप की सदस्यता भी दिलवाएंगे।

हम किसी पार्टी का विलय नहीं कर रहे। हम नेताओं को ही पार्टी की सदस्यता दिलवाएंगे। इन पार्टियों के विधायक, और पूर्व विधायक के साथ-साथ कुछ वरिष्ठ पत्रकार भी हमारे संपर्क में हैं।

-कोमल, हुपेंडी

प्रदेश संयोजक छत्तीसगढ़

रिटायर अधिकारी और कांग्रेस के कई सदस्यों ने ली सदस्यता

प्रदेश के कई प्रबुद्धजनों  और नामचीन लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। सदस्यता लेने वालो में विशेष रूप से गोपाल साहू (पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस युवा प्रकोष्ठ),वीरेंद्र ढीढी ,अधिवक्ता तमस्कार टंडन , धन्नू राम ध्रुव, राजेंद्र कश्यप रिटायर्ड अधिकारी, शेख हुसैन तन्हा कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ट दुर्ग, के एस नायडू रिटायर्ड  अधिकारी, सुमित शर्मा प्रदेश अध्यक्ष छ ग भ्रष्टाचार उन्मूलन समिति, अविरल सिंह चुनाव विशेषज्ञ, निखिल शुक्ला, संदीप शुक्ला पूर्व जनपद अध्यक्ष, सैय्यद रशीद अली अध्यक्ष ट्रांसपोर्ट यूनियन, रविंद्र ठाकुर समाज सेवक, एम डी सलीम मुतवल्ली  रायपुर, रूपेश साहू अध्यक्ष साहू समाज, वीरेंद्र शुक्ला आदि  शामिल हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news