सरगुजा

गौठान निरीक्षण में सुदूर क्षेत्र गेरसा पहुंचे कलेक्टर
06-Apr-2022 9:03 PM
गौठान निरीक्षण में सुदूर क्षेत्र गेरसा पहुंचे कलेक्टर

जमीन पर बैठकर महिलाओं से की बात, ली कार्यों की जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 6 अप्रैल।
सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा गौठान निरीक्षण में सुदूर क्षेत्र गेरसा पहुंचे। यहां जमीन पर बैठकर गांव वालों के साथ लंबी चर्चा की और उनके सुख-दुख को जाना।

दरअसल, मुख्य सचिव के निर्देश पर सरगुजा जिले में आज गौठान भ्रमण दिवस मनाया जा रहा है, जिसके तहत सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा द्वारा सरगुजा के दूरस्थ गौठान गेरसा का आज निरीक्षण किया गया, वहां उन्होंने काफी देर गौठान में काम करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। गौठान को और सुचारू रूप से कैसे चलाया जाए, इस पर सुझाव भी लिए।

गेरसा सरगुजा के बॉर्डर पर स्थित गांव है, जिसके बाद से जशपुर की सीमा शुरू हो जाती है, महिलाओं ने अपनी समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया, साथ ही उन्होंने अंडा पालन और बटेर पालन मुर्गी पालन में अपनी दिलचस्पी दिखाई। उन्होंने  कलेक्टर को बताया कि रात में सुरक्षा के दृष्टिकोण से यहां पर एक गार्ड भी उपलब्ध कराया जाए, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत जनपद पंचायत सीईओ को तत्काल गौठान में गार्ड लगाने के लिए निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं ने बताया मूंगफली और डोरी का तेल निकालने के लिए काफी दूर जाना पड़ता है, जिस पर सरगुजा कलेक्टर ने जल्द ही यहां पर तेल निकालने वाली मशीन लगवाने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने गांव वालों को बकरियों के कृत्रिम गर्भाधान के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान से उन्हें बकरियों की उच्च नस्ल प्राप्त होगी जिससे उनके आमदनी में और इजाफा भी होगा। जिस पर गांव वालों ने अपनी सहमति देते हुए जल्द ही बढ़-चढक़र बकरियों के कृत्रिम गर्भाधान में हिस्सा लेने की बात कही।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news