रायपुर

अवैध रूप से चल रहा था फिनाइल कारखाना, संचालक पर अपराध दर्ज, सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही उजागर
16-Apr-2022 7:25 PM
अवैध रूप से चल रहा था फिनाइल कारखाना, संचालक पर अपराध दर्ज, सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही उजागर

रात एक बजे के बाद टीम लौटी, सुबह फिर से भभकी आग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 अप्रैल। कोटा स्थित फिनाइल कंपनी में आग लगने के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार की रात एक बजे तक दमकल विभाग की टीमों के 15 बार फेरी  लगाने के बाद भी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका। आग बुझाने के लिए विधायक विकास उपाध्याय और उनके साथी भी देर रात तक मशक्कत करते रहे। शुक्रवार तक आग भभकती रही। घनी आबादी वाले हिस्से में फिनाइल कारखाना शुरू करने के बाद सुरक्षा के मामले में लापरवाही बरती गई। पुलिस ने कारखाना संचालक के खिलाफ में अपराध दर्ज किया।

पुलिस के मुताबिक कोटा रोड बाजार चौक के पास राकेश आसरा द्वारा फिनाइल बनाने के लिए कारखाना संचालित किया जाता है। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे कारखाना में आग लगने की सूचना मिली। तुरंत स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद तीन गाडिय़ां आग बुझाने के लिए पहुंची। आग के  लगातार भभकने के बाद में पंद्रह बार फेरी लगाना पड़ा। रात करीब एक बजे किसी तरह से आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन शनिवार की सुबह इस कारखाने में फिर से आग की लपटें उठने की खबरें मिली। तुरंत फिर से दमकल की टीम को बुलाया गया। पुलिस का कहना है अगले दिन भी सुबह पानी की बौछार करते हुए स्थिति को पूरी तरह से काबू में करने की कोशिश की गई। बताया गया है जिस जगह में फिनाइल बनाने कारखाना खोला गया है वहां पर भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ रखे गए थे। संभवतया यहां शार्ट सर्किट से चिंगारी निकली और फिर पूरे कारखाने में ब्लास्ट हो गया। कारखाना के बाहर रखे चारपहिया समेत दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। पुलिस अब अवैध काराखाना संचालित करने के मामले में दस्तावेजों की जांच कर रही है। जिस जगह में आगजनी की घटना हुई है वहां पर आसपास में मकान बिल्कुल सटे हुए हैं। जब लोगों ने कारखाना से धुंआ उठते देखा तभी आस पड़ोस के मकान से लोग बाहर भाग खड़े हुए। पहले कारखाना में खुद पानी की बौछारें की इसके बाद तुरंत दमकल से संपर्क किया।

खमतराई में हो चुका बड़ा हादसा

खमतराई के आरव्हीएच कॉलोनी से लगे एक इलाके में तीन साल पहले बड़ा हादसा हो चुका है। अवैध रूप से संचालित एक पेंट कारखाना में आग लगने से आसपास के लोग दहशत में आ गए। कारखाना में तीन लोग भी जिंदा झुलस गए। यहां भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ और केमिकल का भंडारण किया गया था। कोटा में शुक्रवार की रात कारखाना में आग लगने के बाद यहां भी लोग दहशत में है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news