रायपुर

आयकर अधिकारी, कर्मचारी सीबीडीटी के खिलाफ भूख हड़ताल पर
25-Apr-2022 4:37 PM
आयकर अधिकारी, कर्मचारी  सीबीडीटी के खिलाफ भूख हड़ताल पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25
अप्रैल केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड की नीतियों के खिलाफ आयकर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी संगठन भूख हड़ताल पर रहेंगे। केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड  के खिलाफ लंबे समय से आंदोलनरत आयकर कर्मचारी महासंघ एवं राजपत्रित अधिकारी संघ  तीन सूत्रीय मांगों के समर्थन में विरोध स्वरूप भुवनेश्वर में 24 घंटों तक भूखे रहकर क्रमिक धरना दे रहे हैं। मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ सर्कल के संयुक्त संयोजक महेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि बोर्ड द्वारा लगातार चर्चा करने और आश्वासन दिये जाने के उपरांत भी कर्मचारी एवं अधिकारियों की जायज मांगों को निरंतर अनदेखा किया जा रहा है।  

भुवनेश्वर में  25 एवं 26 अप्रैल को पूरे देश के समस्त प्रधान आयकर महानिदेशकों ( अन्वेषण), प्रधान आयकर निदेशकों (अन्वेषण) एवं प्रधान आयकर आयुक्तों ( सेन्ट्रल) का अधिवेशन आयोजित किया जा रहा है । इस अधिवेशन में बोर्ड के अध्यक्ष एवं सदस्य भी भाग ले रहे हैं । इसके विरोध स्वरूप दोनों संगठनों के समस्त अधिकारी -कर्मचारी काली पट्टी लगाकर कार्य कर रहे हैं। एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों सहित भुवनेश्वर के अधिकारी - कर्मचारी भुवनेश्वर के आयकर भवन प्रांगण में 24 घंटे के हंगर धरने पर बैठे हैं। धरने में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अजय तिवारी , सहायक सचिव चितरंजन पटनायक, महासचिव डी.पी . आचार्य एवं अन्य पदाधिकारियों सहित अधिकारी कर्मचारी भाग ले रहे हैं। सम्पूर्ण देश के आयकर कर्मचारी अधिकारी इस धरने का समर्थन कर रहे हैं। 27 अप्रैल  को राजधानी दिल्ली में सेन्ट्रल जे.सी.ए. की बैठक होने जा रही है जिसमें आंदोलन की समीक्षा तथा आगामी दिनों में होने वाले घनीभूत आंदोलन की रणनीति तैयार की जायेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news