राजनांदगांव

सालिकझिटिया, अमलीडीह और पीपरखार गौठान का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
19-Jul-2022 3:37 PM
सालिकझिटिया, अमलीडीह और पीपरखार गौठान का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 जुलाई। 
कलेक्टर डोमन सिंह ने गौठानों को मजबूती प्रदान करने डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम सालिकझिटिया एवं अमलीडीह तथा अंबागढ़ चौकी विकासखंड के पीपरखार व गौलीटोला गौठान का निरीक्षण किया। कलेक्टर ग्राम सालिकझिटिया के गौठान में समूह की महिलाओं से रूबरू हुए और उन्हें अच्छा कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण एवं सामुदायिक बाड़ी का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने कहा कि गौठान सक्रिय रहना चाहिए और नियमित रूप से गोबर की खरीदी होते रहना चाहिए। उन्होंने जनपद सीईओ को समूह की महिलाओं को मसाला पीसने की मशीन उपलब्ध कराने तथा मुर्गीपालन शेड स्वीकृत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी गौठानों को विकसित करना है। इन गौठानों में समूह की महिलाओं को आजीविका मिल रही है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बन रही है। जिले के सभी गौठानों को रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित करना है। शासन की योजनाएं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके, इस दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी गौठानों में तीन आजीविका मूलक गतिविधियां अनिवार्य रूप से होना चाहिए। जिनमें गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण एवं सामुदायिक बाड़ी विशेष रूप से हो यह सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने अमलीडीह में सुरभि गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में बकरीपालन, मुर्गीपालन तथा मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने गौठान में समूह की महिलाओं को दिए जा रहे हाथकरघा प्रशिक्षण की प्रशंसा की। कलेक्टर ने अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम पीपरखार के गौठान का निरीक्षण किया।  कलेक्टर ने वहां चारागाह में व्यापक पैमाने पर लगाए गए नेपियर घास का अवलोकन किया। पशुपालन विभाग से समन्वय करते हुए वहां पशुपालन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में फेंसिंग कराने तथा शेड निर्माण करने एवं गौठान की सुरक्षा के लिए एक चौकीदार जरूर रखने क लिए कहा। उन्होंने वहां व्यापक पैमाने पर किये जा रहे मुर्गीपालन का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के गौलीटोला गौठान को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वर्मी टांके में गोबर होना चाहिए और वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के कार्य में गति लाने के लिए कहा। इस अवसर पर एसडीएम ललितादित्य नीलम, एसडीएम सुनील नायक , जनपद सीईओ चुरेन्द्र, जनपद सीईओ नवीन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news