सरगुजा

बारिश से दर्जन से ज्यादा मकान धराशायी, सरगुजा सदन को अस्थायी राहत केंद्र बनाया
25-Aug-2022 8:39 PM
बारिश से दर्जन से ज्यादा मकान धराशायी, सरगुजा सदन को अस्थायी राहत केंद्र बनाया

स्वास्थ्य मंत्री ने किया निरीक्षण, दिए दस लाख
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 25 अगस्त।
बीती रात हुई झमाझम बारिश से निगम क्षेत्र में दर्जन भर से ज्यादा मकान धराशायी हो गया। आधा दर्जन से ज्यादा वार्डों में जल जमाव की स्थिति निर्मित हो गयी। महापौर, एमआईसी प्रभारी पार्षदों सहित निगम का अमला सारी रात व्यवस्था बनाने में जुटा रहा। प्रभावित लोगों के लिए सरगुजा सदन को अस्थायी राहत केंद्र बनाया गया है।

कई घरों में पानी भरने और मकान की गिरने की खबर पाकर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने प्रभावित क्षेत्रों में जाकर स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने प्रभावितों से बात की। सडक़ और नालियों का जायजा लिया। बौरी पारा में प्रस्तावित नाला निर्माण के लिए विधायक निधि से दस लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने निगम के अमले को तत्काल राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बुधवार रात हुई बरसात से नवागढ़, गंगापुर, महादेव गली,खैरबार रोड़, मिशन चौक,बौरीपारा में घरों में बारिश का पानी भर गया। कई घरों में बर्तन तैरने लगे। निचली बस्तियों मे बने कच्चे मकान ध्वस्त हो गए।महात्मा गांधी वार्ड में सर्वाधिक 11 मकान गिरे, वीर नारायण सिंह वार्ड में 3 एवम लोक नायक जयप्रकाश वार्ड में एक  घर गिरने की सूचना है। जल जमाव की जानकारी मिलते ही नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के प्रभारी एवं श्रम कल्याण मण्डल के अध्यक्ष शफी अहमद निगम के अमले के साथ पानी निकासी की व्यवस्था में लगे रहे। प्रभावित क्षेत्रों के पार्षद भी सारी रात पानी निकालने की कवायद कर रहे थे। कई स्थानों पर जेसीबी से काट कर पानी निकालने की अस्थायी व्यवस्था बनाई गई।

गुरुवार की सुबह कांग्रेस नेताओं, नगरनिगम और राजस्व विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। औषधीय पादप बोर्ड अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, श्रम आयोग अध्यक्ष शफी अहमद, महापौर डॉ. अजय तिर्की, महात्मा गांधी वार्ड के पार्षद दीपक मिश्रा, वीरनारायण वार्ड पार्षद सतीश बारी, जयप्रकाश नारायण वार्ड पार्षद अजय सिंह बबलू, पार्षद सुनैना सोनी निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई,एसडीएम प्रदीप साहू, ईई सन्तोष रवि और दल बल के साथ प्रभवित क्षेत्रों का निरीक्षण कर  राहत कार्य का जायजा लिया। आवश्यक निर्देश दिये।

दो साल से रुकी नाली का निर्माण होगा
लोक नायक जय प्रकाश वार्ड में अरुण सिंह के घर के पास पानी भरने से 30-40 घरों में पानी भर गया था।यहां बड़े नाले का निर्माण कराया जा रहा था, वार्ड के ही कतिपय लोगो ने नाली निर्माण कार्य रोकवा दिया था।आज निगम की टीम ने दबावपूर्वक कार्य प्रारंभ कराया। पुलिस लाइन से बौरी तालाब की ओर जाने वाली सडक़  किनारे पुरानी नालियों को चौड़ा किया जाएगा।

सरगुजा सदन में राहत केन्द्र
जिन लोगों के मकान ध्वस्त हुए हैं, उनके लिए सरगुजा सदन को अस्थायी रूप से राहत केंद्र बनाया गया है बेघर हुए लोगों की वैकल्पिक व्यवस्था होने तक उनके रहने और खाने की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की गई है।

राजस्व विभाग की टीम को प्रभावित लोगों के मुआवजा प्रकरण तैयार कर अविलंब मुआवजा मैंने कहा गया है। इस दौरान श्रम कल्याण बोर्ड अध्यक्ष शफी अहमद, महापौर डॉ अजय तिर्की, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, हेमन्त सिन्हा, अरविंद सिंह गप्पू, प्रमोद चौधरी,आशीष वर्मा सतीश बारी प्रभात रंजन सिन्हा, मग्गू, अरुण बाबा,सन्तोष पटवारी, देवेंद्र सिंह सहित अन्य साथ थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news