राजनांदगांव

नए जिले मोहला-मानपुर-चौकी को विकास के लिए एक अरब
03-Sep-2022 3:34 PM
नए जिले मोहला-मानपुर-चौकी को विकास के लिए एक अरब

तीनों ब्लॉक के लिए 3-3 करोड़ की भी घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 सितंबर।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करकमलों से हुआ। उन्होंने इस अवसर पर जिले के मैप का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री ने नए जिले के शुभारंभ पर जिलावासियों को बधाई दी। उन्होंने जिले के तीनों ब्लॉक के विकास के लिए 3 करोड़ रुपए की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव इतना बड़ा जिला था कि अंतिम कोने में रह रहे व्यक्ति को जिला मुख्यालय पहुंचने में ही शाम हो जाती थी, लेकिन अब यह सारी दिक्कत दूर हो गई। सरकार के इस निर्णय से अभूतपूर्व खुशी मुझे दिखी। रोड शो में जो भीड़ दिखी, उससे स्पष्ट है कि लोगों के लाभ के लिए कितना बड़ा फैसला लिया गया।

उन्होंने कहा कि अंदरूनी गांव के लोगों को जिला मुख्यालय के लिए 170 किमी तक भी जाना पड़ता था। रात को राजनांदगांव में ही रूकना पड़ता था। अब अंतिम गांव के व्यक्ति को भी मात्र 70 किमी दूरी ही तय करनी होगी। लोगों की मुश्किल कितनी कम हो गई। छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का लोकार्पण किया। स्वर्गीय लाल श्याम शाह की प्रतिमा का लोकार्पण किया। अपने पुरखों के देखे सपने सच हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का कर्जा हमने माफ किया और सभी किसानों का ऋण माफ किया। किसान की फसल का उचित मूल्य दिया। सम्मान के साथ सभी वर्गों के लोग जियें, इसके लिए हमने कार्य किया। इसके लिए अनेक दिक्कत आई। कोरोना की वजह से काफी दिक्कत आई, पर हम पीछे नहीं हटे। लघु वनोपजों का उचित दर हमने दिलाया। सबके जेब में हमने पैसे दिए। चाहे किसान हो या भूमिहीन हो, सबको सम्मान दिया, जो किसान दिन रात अन्न उपजा कर देश की सेवा करते हैं। उनका हम सम्मान करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल हमने खोले हैं। हर विधानसभा में 4 से 5 ऐसे स्कूल होंगे। हमने विश्व आदिवासी दिवस का अवकाश आरंभ किया। सांस्कृतिक गरिमा के लिए काम किया। राजनांदगांव जिले में सिंचाई की व्यवस्था बेहतर करनी है। नए जिले के गठन का उद्देश्य ही यही है, ताकि लोगों की समस्या और विकास कार्य तुरंत क्रियान्वित हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जल्द ही आपके पास आऊंगा। रात्रि विश्राम करूंगा। आपसे विस्तार से बात करूंगा और वहीं पर विकास के निर्णय लिए जाएंगे। जिले को तेजी से विकास की दिशा में ले जाना है। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में भी इसका कार्यान्वयन होगा। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर नए जिले के कलेक्टर  एस. जयवर्धन एवं पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार से भी लोगों का परिचय कराया। नवनियुक्त कलेक्टर ने भी जिलावासियों की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

 छग सरकारी सभी वर्गों के हितों का रखती है ध्यान - अकबर
वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने जिले के लोकार्पण के अवसर पर नागरिकों को शुभकामनाएं देते कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखती है। इसके लिए योजनाएं भी बनाई है। न्याय योजनाओं के माध्यम से प्रदेश का विकास तेजी हुआ है।
खाद्य मंत्री  अमरजीत सिंह भगत ने कहा कि देश में छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी की दर सबसे कम है। प्रदेश के 80 प्रतिशत लोग किसान हैं। उनके मेहनत को उचित मूल्य दिया गया। खुज्जी विधायक छन्नी साहू और मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी ने नए जिले के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया और क्षेत्र की विकास योजनाओं के प्रस्ताव रखे। कलेक्टर डोमन सिंह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें उन्होंने नए जिले के प्रोफाईल के बारे में विस्तार से बताया।

 सीएम ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जिले के लोगों के लिए 106 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल, गुंडरदेही विधायक कुंवर निषाद, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम अध्यक्ष धनेश पाटिला, छत्तीसगढ़ मिनरल डेव्हलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड अध्यक्ष गिरीश देवांगन, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष तेजकुंवर नेताम, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग अध्यक्ष  जितेन्द्र मुदलियार, प्रशासक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित नवाज खान और मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, संभागायुक्त महादेव कांवरे, आईजी बद्रीनारायण मीणा, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव प्रफुल्ल ठाकुर, एसडीएम मोहला ललितादित्य नीलम सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित थे।

सामग्री का किया वितरण
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी में 106 करोड़ 27 लाख 95 हजार रुपए के 54 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें 52 करोड़ 16 लाख 8 हजार रुपए के 42 कार्यों का भूमिपूजन एवं 54 करोड़ 11 लाख 87 हजार रुपए के 12 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने 103 हितग्राहियों को 12 लाख 10 हजार रुपए की सामग्री का वितरण भी किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news