राजनांदगांव

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला हमारी सरकार का वादा-भूपेश
04-Sep-2022 12:14 PM
 खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला हमारी सरकार का वादा-भूपेश

5 किमी तक सीएम ने किया रोड-शो, नए जिले के समारोह में हजारों बने साक्षी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 सितंबर।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की सौगात को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी सरकार के सशक्त विश्वसनीयता का एक ठोस प्रमाण करार देते कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वादों को निभाना जानती है। खैरागढ़ को नया जिला बनाने का बरसों पुराना सपना कांग्रेस सरकार ने कुछ महीनों में ही पूरा कर दिया।

मुख्यमंत्री बघेल ने शनिवार को खैरागढ़ स्थित राजा फतेह सिंह खेल मैदान में नए जिले का शुभारंभ करते कहा कि वह क्षेत्रीय जनता के स्वागत से अभिभूत हैं। नवगठित जिला को मुख्यमंत्री ने 364 करोड़ रुपए की भारी भरकम राशि स्वीकृत की है। इस राशि से 95 कार्य किए जाएंगे। जिसमें कुछ भूमिपूजन और लोकार्पण शामिल हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री के नवागांव स्थित हेलीपेड में पहुंचने के बाद लोग उनका स्वागत करने के लिए उमड़ पड़े। लगभग 5 किमी तक सडक़ के दोनों किनारे लोग मुख्यमंत्री पर फूलों की बारिश कर रहे थे। वहीं उनका अभिनंदन करते हुए नया जिला निर्माण करने पर बधाई और आभार भी व्यक्त कर रहे थे। खैरागढ़ में जिला निर्माण की खुशी ने दिवाली पर्व जैसा रूख अख्तियार कर लिया। यहां की जनता ने आत्मीय स्वागत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जनसैलाब के बीच मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल में पहुंचे।

मुख्यमंत्री श्री बघेल सभा को संबोधित करते कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और आज दीपावली त्यौहार जैसा माहौल है। यहां की जनता ने आत्मीय स्वागत किया है। सबके चेहरे में प्रसन्नता और खुशहाली है। इस खुशी में इंद्रदेव भी पानी बरसा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जो कहते हैं, वह कर दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ को नया जिला बनाने की घोषणा की थी और आज अपना वादा पूरा किया है। पौने चार साल में छत्तीसगढ़ सरकार ने मजदूर, किसान, वनवासी, व्यापारी,  युवा वर्ग, महिला वर्ग सहित हर वर्ग के लोगों का जीवन स्तर ऊपर ऊठाने का कार्य किया है। हमारी सरकार श्रम और मेहनत का सम्मान कर रही है। रोजगार के अवसर प्रदान कर रहे हैं। 65 लाख  गरीब परिवार को एक रुपए किलो में चावल उपलब्ध कराया जा रहा है। 400 यूनिट बिजली खपत के लिए हाफ  बिजली बिल योजना लागू की गई है। 4 वर्ष में 6 जिला 85 तहसील बनाए हैं, ताकि जनता और प्रशासन के बीच दूरी नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगीत नगरी यहां के इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की शाखा के रूप में बस्तर एवं सरगुजा में महाविद्यालय खोलेंगे। शासन प्रदेश के जनसामान्य की आय में वृद्धि की दिशा में कार्य कर रही है। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी उत्कृष्ट माध्यम विद्यालय के माध्यम से बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल रही है। वन अधिकार पट्टा, सामुदायिक वन अधिकार पट्टा देशभर में प्रदेश में सर्वाधिक दिया गया है। उन्होंने विश्वास दिलाते कहा कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे और जनता को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ मिनरल डेव्हलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड गिरीश देवांगन, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग तेजकुंवर नेताम, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग जितेन्द्र मुदलियार, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित नवाज खान, महापौर हेमा देशमुख, अध्यक्ष श्रीमती रानी सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा न्यास विवेक वासनिक, श्रीमती रानी सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा न्यास  सदस्य रमेश खंडेलवाल, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव  सुब्रत साहू, प्रभारी सचिव डॉ. एस भारतीदासन, संभागायुक्त महादेव कांवरे, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर राजनांदगांव डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव प्रफुल्ल ठाकुर, कलेक्टर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जगदीश सोनकर, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, एसडीएम खैरागढ़ सुनील शर्मा सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित थे।

चौबे और अकबर ने भी किया सम्बोधित
कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ किसानों का प्रदेश है। मुख्यमंत्री किसान पुत्र हैं। वे किसानों की समस्या को समझते हैं। किसानों एवं  गरीब, जरूरतमंद के हित को समझते हुए विभिन्न योजनाओं से लाभन्वित कर जीवन स्तर को ऊपर उठाने का काम कर रहे हैं। वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता के हित के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित कर रही है। जिससे आमजन राहत और सकून महसूस कर रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत ने की। डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल, खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news