गरियाबंद

मेला स्थल को स्थायी रूप से किया जाएगा विकसित, सभी सुविधाएं होंगी मौजूद
12-Dec-2022 8:11 PM
मेला स्थल को स्थायी रूप से किया जाएगा विकसित, सभी सुविधाएं होंगी मौजूद

गृह एवं धर्मस्व मंत्री ने किया नवीन राजिम मेला स्थल का अवलोकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 12 दिसंबर। प्रदेश के लोक निर्माण, गृह, धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू राजिम मेला के लिए चयनित नए स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने स्थल पर चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए शीघ्रता से नवीन स्थल को राजिम मेला के लिए स्थायी रूप से विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवश्यकता, स्थानीय नागरिकों के सुझाव और आगामी सौ वर्षों को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास के कार्य किए जाए। स्थल का विकास इस तरह किया जाए कि श्रद्धालुओं को यह स्थान आकर्षित करे। इस स्थान को राम वनगमन परिपथ से भी जोड़ा जाएगा।

श्री साहू ने मंदिर दर्शन आने-जाने के लिए फोरलेन सडक़ के तर्ज पर सडक़ विकसित करने कहा है। उन्होंने कहा कि पैदल यात्रियों के लिए आने-जाने के लिए अलग से चौड़ी सडक़ हो। उन्होंने कहा कि नदी में बारहमासी पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। भविष्य में नदी में लगने वाले टेंट और अन्य दुकानें को इसी स्थल पर स्थानांतरित किया जाएगा।

मंत्री श्री साहू ने आगामी 7 जनवरी 2023 को राजिम भक्तिन माता जयन्ती कार्यक्रम नवीन मेला स्थल पर कराने हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।  इस दौरान मंत्री श्री साहू ने राम वनपथ गमन पर निर्माणाधीन कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि 7 जनवरी को राम वन गमन पथ पर महानदी तट पर स्थापित मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम चन्द्र जी के मूर्ति का अनावरण भी किया जाएगा। उन्होंने इस हेतु अधिकारियों को सभी तैयारी पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए।

कलेक्टर प्रभात मलिक ने नवीन मेला स्थल पर ड्राइंग डिजाइन एवं निर्माणाधीन अधोसंरचना व स्वीकृत बजट राशि के संबंध में विस्तार पूर्वक अवगत कराया। यहां पर धर्मशाला, गार्डन, तटबंध, शौचालय, मंदिर जैसे निर्माण किए जाएंगे।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक  अमित कांबले, जिला पंचायत सीईओ  रोक्तिमा यादव, अपर कलेक्टर अविनाश भोई, अनुविभागीय अधिकारी राजिम पूजा बंसल, जनपद पंचायत फिंगेश्वर की अध्यक्ष  पुष्पा साहू एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, नागरिक मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news