बीजापुर
सीएम की दूरगामी सोच से चौथा स्तम्भ होगा मजबूत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 23 मार्च। छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी सुरक्षा विधेयक- 2023 विधानसभा से पारित होने पर जि़ला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के प्रवक्ता एवं पीसीसी सदस्य ज्योति कुमार ने बयान जारी कर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के मीडिया कर्मियों के लिए बुधवार 22 मार्च का दिन ऐतिहासिक है। इस दिन छत्तीसगढ़ सरकार ने विधान सभा में छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी सुरक्षा विधेयक- 2023 को पास कर क़ानून बना दिया। इस क़ानून के बनने से प्रदेश व बस्तर संभाग के मीडिया कर्मी निर्भीक होकर जनता की आवाज़ उठाते हुए जनभागीदारी निभाएंगे।
ज्योति कुमार ने अपने जारी बयान में आगे कहा है कि इस कानून के विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित होना प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दूरगामी सोच को दर्शाता है। इस क़ानून के बनने से छत्तीसगढ़ में देश का चौथा स्तंभ मज़बूत हुआ है। इस कानून के बनने से मीडिया कर्मियों के लिए काम करने में आसानी होगी और यह क़ानून मीडिया कर्मियों के लिए मददगार होगा।
उन्होंने कहा कि मीडिया कर्मियों की लम्बे समय से माँग थी कि छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी सुरक्षा विधेयक बने। इस क़ानून को विधान सभा से पारित कर कांग्रेस पार्टी ने अपना महत्वपूर्ण वादा पूरा किया है। मीडिया कर्मियों की सुरक्षा के लिए क़ानून बनाने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना गया है।
प्रवक्ता कुमार ने कानून बनने पर प्रदेश व बस्तर संभाग के सभी मीडिया कर्मियों को बधाई दी है।