राजनांदगांव

मतदान केन्द्रों में बीएलए नियुक्ति करने राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित
14-May-2023 4:20 PM
मतदान केन्द्रों में बीएलए नियुक्ति करने  राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 14 मई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डोमन सिंह के मार्गदर्शन में कलेक्टोरेट के उप जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष में राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 एवं मतदान केन्द्रों में बीएलए नियुक्त करने के संबंध में चर्चा की गई।

संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी खेमलाल वर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा प्रत्येक मतदान केन्द्र स्तर पर एक बीएलए नियुक्त किया जा सकता है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के लिए ईवीएम एवं वीवीपीएटी मशीनों का प्रथम स्तरीय जांच 10 से 28 जून 2023 तक प्रस्तावित है। मशीनों की जांच ईसीआईएल हैदराबाद के 8 इंजीनियर द्वारा की जाएगी। प्रथम स्तरीय जांच का कार्य जिला कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाऊस में किया जाएगा। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारी या उनके द्वारा अधिकृत व्यक्ति प्रथम स्तरीय जांच का अवलोकन कर सकते हैं। जिले में उपलब्ध ईवीएम एवं वीवीपीएटी में से नवीन जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई एवं मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी को भेजा जाएगा। जिसका प्रथम स्तरीय जांच कार्य नवीन जिले में ही संपादित होगा। आधार संकलन का कार्य 1 अगस्त 2022 से प्रारंभ है। सभी मतदाताओं से फार्म 6 ख में आधार नंबर की जानकारी बीएलओ एप, भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाईट के माध्यम से किया जा रहा है। जिले में आधार सिंडिंग का प्रतिशत 87.96 है।

बैठक में बताया गया कि जिले के चार विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 हजार मतदान केन्द्र है। जिसमें मतदाताओं की संख्या 7 लाख 92 हजार 454 है। जिसमें पुरूष मतदाता 3 लाख 96 हजार 484, महिला मतदाता 3 लाख 95 हजार 961 एवं अन्य मतदाता 9 है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 74-डोंगरगढ़ (अनुसूचित जाति) में मतदान केन्द्रों की संख्या 270 है। पुरूष मतदाता 1 लाख 2 हजार 799, महिला मतदाता 1 लाख 285 व अन्य मतदाता 5 सहित कुल मतदाता 2 लाख 3 हजार 89 है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 75-राजनांदगांव में मतदान केन्द्रों की संख्या 223 है। जिसमें पुरूष मतदाता 1 लाख 1 हजार 286, महिला मतदाता 1 लाख 4 हजार 152 व अन्य मतदाता 2 सहित कुल मतदाता 2 लाख 5 हजार 440 है।

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 76-डोंगरगांव में मतदान केन्द्रों की संख्या 247 है। जिसमें पुरूष मतदाता 99 हजार 96, महिला मतदाता 97 हजार 268 एवं अन्य मतदाता 2 कुल मतदाता 1 लाख 96 हजार 366 है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 77-खुज्जी में मतदान केन्द्रों की संख्या 260 है। जिसमें पुरूष मतदाता 93 हजार 303 एवं महिला मतदाता 94 हजार 256 सहित कुल मतदाता 1 लाख 87 हजार 559 है। इस अवसर पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news