राजनांदगांव

मोदी सरकार ने प्रत्येक राज्य की चिंता करते किया देश का सर्वांगीण विकास -मोहंती
06-Jun-2023 8:32 PM
मोदी सरकार ने प्रत्येक राज्य की चिंता करते किया देश का सर्वांगीण विकास -मोहंती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 जून। भाजपा द्वारा मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत सोमवार को उड़ीसा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती विशेष अतिथि के रूप में गायत्री स्कूल ठेलकाडीह में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद संतोष पांडे ने की।

मीडिया सेल के अनुसार सम्मेलन में 4 मंडल के सात मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरूआत में समीर मोहंती ने उड़ीसा के बालासोर में हुए रेल दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते इस दुर्घटना में जिन की मौत हुई है, उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई। उसके बाद मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल को बेमिसाल बताते कहा गया कि इन 9 साल में देश ने हर क्षेत्र में विकास किया है।

सबका साथ सबका विकास के ध्येय वाक्य को लेकर मोदी सरकार ने प्रत्येक राज्य की चिंता करते देश का सर्वांगीण विकास किया। धारा 370 हटाकर कश्मीर को पुन: स्वर्ग बनाने का कार्य मोदी ने किया। जिसके कारण आज पूरे विश्व में कश्मीर के पर्यटक वापस भारत आ रहे हैं। पर्यटन के क्षेत्र में भारत की आय तेजी से बढ़ी है।

 सम्मेलन में प्रस्तावना संदेश दिनेश गांधी ने दिया और संगठन के प्रति जवाबदेही के साथ कार्यकर्ताओं को जुट जाने का आह्वान भी किया।

अध्यक्षता करते सांसद संतोष पांडे ने भी मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताते कहा कि मोदी ने राम मंदिर बनाकर भारत को सांस्कृतिक रूप से मजबूत किया है। इसी तरह से तीन तलाक के मुद्दे पर भी मुस्लिम समाज की बहनों को भाजपा सरकार ने राहत पहुंचाई है। इसी तरह देश में पुराने कानूनों को हटाते एनजीओ सिस्टम पर कड़ाई की गई है। जिसके कारण लाखों-करोड़ों रुपए बचाए गए है। आत्मनिर्भर भारत की ओर भारत के कदम बढ़ चले हैं। जिसके कारण सेना के क्षेत्र में भी स्वदेशी सामानों का तेजी से निर्माण एवं उपयोग हो रहा है, बाहर से आने वाले सामानों पर रोक लगी है। जिसके कारण विदेशी मुद्रा भंडार तेजी से बढ़ा है। अब भारत में बाहर की कंपनियां निवेश करने लगी हैं जिसके कारण भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ रही है। मोदी सरकार के बेमिसाल 9 साल को याद करते पांडे  ने मोर्चा के कार्यकर्ताओं को आव्हान किया कि अगर देश का मुखिया इमानदारी से अपने प्रयास करें तो प्रदेश व देश की तरक्की तय है, परंतु छत्तीसगढ़ की स्थिति जगजाहिर हो चुकी है। कार्यक्रम का संचालन परदेशीराम सोनबोईर एवं आभार प्रदर्शन जिला पंचायत सदस्य राजेश श्यामकर ने किया।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में सम्मेलन में वृक्षारोपण भी किया गया। गायत्री स्कूल के प्रांगण में पीपल नीम एवं आंवला के  अनेक पेड़ लगाए गए।

विकास कार्यों के लिए लाखों की प्रशासकीय स्वीकृति

राजनांदगांव, 06 जून। कलेक्टर डोमन सिंह ने मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत डोंगरगांव विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में विकास कार्यों के लिए 96 लाख 9 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

जिसके अंतर्गत ग्राम खुज्जी में अटल समरसता भवन निर्माण के लिए 19 लाख 39 हजार रुपए एवं ग्राम बरसनटोला, धौराभांठा, किरगी सो, केसला, अड़ाम, मचानपार, दर्राबांधा, गाताटोला, बुद्धूभरदा, बनहरदी, कोपेडीह में 2.60-2.60 लाख रुपए व ग्राम रातापायली, आसरा, कवि टोलागांव में 5.20-5.20 लाख रुपए की सीसी रोड निर्माण तथा ग्राम कन्हारडबरी, अमलीडीह, अर्जुनी, चिद्दो, धौराभांठा में 6.50-6.50 लाख रुपए के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news