राजनांदगांव

आषाढ़ में मानसून हुआ मेहरबान
25-Jun-2023 1:23 PM
आषाढ़ में मानसून हुआ मेहरबान

  रिमझिम फुहार से मौसम हुआ खुशगवार  

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 25 जून।
भीषण गर्मी की मार से परेशान लोगों को रविवार को मानसून ने पहली फुहार से भीगो दिया। आषाढ़ के महीने में मानसून की यह पहली बारिश है। देर से पहुंचे मानसून की बूंदे पडऩे का लोगों को बेसब्री से इंतजार था। शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात मानसून ने मेहरबानी दिखाया। राजनांदगांव समेत समूचे जिले में रिमझिम बारिश का सिलसिला सुबह से शुरू हुआ। खेती के लिहाज से बारिश को बेहद लाभदायक माना जा रहा है। इसी के साथ मानसून की दस्तक पड़ते ही अनवरत बारिश का दौर शुरू हो गया।

चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी झेलते लोगों को आषाढ़ माह में बारिश होने से काफी राहत मिली। बीती रात से शुरू हुआ बारिश का दौर चलता रहा। आसमान में काले मेघों और रिमझिम बरसात होने से तापमान में भी गिरावट आ गई है। रिमझिम और झमाझम बारिश के साथ मानसून का इंतजार खत्म हो गया। आसमान में छाये बादल और रिमझिम बरसात से मौसम खुशगवार हो गया। सुबह से बादलों काले मेघों के डेरा डालने और रिमझिम बारिश होने तथा ठंडी हवाएं चलने से लोग गर्मी और चुभती गर्मी से राहत की सांस ले रहे हैं। आषाढ़ के महीने में हुई बारिश खेती के लिहाज से भी काफी फायदेमंद है। किसानों को तेज फुुहारे पडऩे का इंतजार था। खेतों में मरम्मत के बाद से किसान तेज बारिश पर टकटकी लगाए हुए थे। बारिश होने से बुआई के लिए किसान हल लेकर खेतों का रूख करने लगे हैं। आज  सुबह लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ। वहीं आसमान में बादलों का डेरा लगने और बारिश की फुहारों से तीखी धूप से लोगों को निजात मिली। काले मेघ छाने से मानसून की रफ्तार बढऩे की उम्मीद जगी है।

छातों और रैनकोट का बढ़ा उपयोग
आज सुबह से शुरू हुई रिमझिम बारिश के बाद लोग घरों से निकलने के दौरान छातों और रैनकोट का सहारा लेते नजर आए। घरों से निकलने वाले लोग बरसात से बचने के लिए छातों का उपयोग करते दिखे। पैदल और साइकिल से चलने वाले लोग छाता लेकर घरों से निकले । वहीं बाईक में बैठने और बाइक चलाने वाले लोग रैनकोट पहनकर गंतव्य की ओर जाते देखे गए।

सड़कों और मैदानों में भरा पानी
सुबह से अनवरत चल रही रिमझिम और तेज बूंदों की बारिश के बाद सड़कों में और मैदानों में पानी  भर गया। वहीं नालियों का गंदा पानी भी सड़कों तक बहने लगा। इसके अलावा शहर के निचली बस्तियों में भी पानी भरने की स्थिति दिखी।

वातावरण में घुली नमी

बारिश का दौर शुरू होने के बाद तापमान में जहां गिरावट आ गई है। वहीं लोगों को चुभती गर्मी और उमस से राहत मिली। इधर सुबह से बारिश का दौर शुरू होने के साथ ही वातावरण में नमी आने से लोगों को ठंड का भी अहसास होने लगा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news