गरियाबंद

प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है-हरदीप
20-Jul-2023 3:07 PM
प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है-हरदीप

आप की बदलाव यात्रा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 20 जुलाई।
छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आप पार्टी बिलासपुर में आयोजित महारैली के बाद पूरे प्रदेश में बदलाव यात्रा शुरू की जा रही है। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बदलाव यात्रा में प्रदेश सह प्रभारी व पंजाब के विधायक हरदीप सिंह मुंडिया कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। 

इस दौरान श्री मुंडिया ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सम्बोधन कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस और भाजपा से परेशान हो चुकी है। कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टी ने प्रदेश की जनता को छला है। श्री मुंडिया ने कहा कि भाजपा ने 15 सालों में छत्तीसगढ़ की भोलीभाली जनता को ठगने का काम किया है। भाजपा से परेशान होकर जनता ने कांग्रेस को मौका दिया, लेकिन कांग्रेस भी भ्रष्टाचार की सीमा लांघ गई है। कांग्रेस करोड़ों रूपए का घोटाला कर अपने जेब भरने का काम किया है। पिछले चुनाव में किए वादे पूरा नहीं कर पाई है। शराबबंदी का वादा करके भूल गई। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता दोनों पार्टी से उब चुकी है। जनता बदलाव चाहती है। प्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को तीसरा विकल्प के रूप देख रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में आप को सरकार बनाने का ठान लिया है। इसको लेकर अब आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में बदलाव यात्रा निकाल रही है। प्रदेश में बदलाव का आगाज हो गया है। अब जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

अभनपुर विधासभा के आप नेता मोहन चक्रधारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा-कांग्रेस के कार्यों से त्रस्त है। लोगों में भाजपा-कांग्रेस के खिलाफ भारी रोष है। 
उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस झूठे वादे और लोकलुभावन घोषणा कर छत्तीसगढ़ की जनता को छलने का काम किया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के 15 साल और कांग्रेस के साढ़े चार सालों में छत्तीसगढ़ की जनता को लूटने का कार्य किया है। जनता इन सबसे छुटकारा चाहती है। इसलिए आम आदमी पार्टी को विकल्प के रूप में देख रही है। अब छत्तीसगढ़ की आम जनता भी बदलाव चाहती है। 

श्री चक्रधारी ने जनता से कहा कि प्रदेश के विकास, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाओं के लिए आम आदमी पार्टी को एक मौका दो। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था बेहतर होगी तो बच्चों का भविष्य भी सुधरेगा। प्रदेश में दिल्ली मॉडल पर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास होगा। 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ में आप की सरकार बनते ही शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, ट्रांसपोर्ट, गुड गवर्नेंस, जनजातियों का हक, किसानों की समस्या, बेरोजगारों की समस्या को लेकर पूरे ईमानदारी के साथ काम करेंगी। इस अवसर पर प्रदेश किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष शीत चंद्राकर, लोकसभा अध्यक्ष विजय गुरु बक्सानी, सचिव पलविंदर सिंह, जिला अध्यक्ष नंदन सिंह, महिला विंग अध्यक्ष कलावती मार्को, आप नेता मोहन चक्रधारी, अजय वर्मा, शकुन्तला मांडले, रुखमनी साहू, संजय विश्वकर्मा, मस्तराम साहू सहित बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news